KNEWS DESK- पंजाब के पटियाला जिले में स्थित राजपुरा और शंभू रेलवे स्टेशनों के बीच डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFCCIL) की रेलवे लाइन पर देर रात हुए जोरदार धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और स्थानीय पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। वरिष्ठ अधिकारियों ने भारी सुरक्षा बल के साथ पूरे इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से ले रही हैं।
अधिकारियों का मानना है कि यह घटना किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकती है। रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने या किसी आतंकी गतिविधि की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है। खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट पर रखा गया है और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में चंडीगढ़ के सेक्टर 37 स्थित पंजाब बीजेपी कार्यालय के बाहर भी एक विस्फोट की घटना सामने आई थी, जिससे सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क हैं। इसके अलावा, कुछ महीने पहले फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद इलाके में भी मालगाड़ी ट्रैक पर धमाका हुआ था, जिसमें रेलवे ट्रैक का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था और लोको पायलट घायल हो गया था।
ताजा घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रेलवे और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल जांच एजेंसियां हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।