मल्लिकार्जुन खरगे ने बीजेपी पर कसा तंज, कहा-”आपने ईडी का डर दिखाकर बनाई अपनी सरकार”

KNEWS DESK- मध्यप्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक रैली  को संबोधित किया इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग संविधान को बदलने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन ऐसा हो नहीं सकता| भारत की 140 करोड़ जनता इसे बचाने के लिए खड़ी है|

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, मैं वादा करता हूं कि अगर कांग्रेस सत्ता में आएगी तो किसानों को कर्ज से राहत मिलेगी| रसोई गैस 500 रुपये में मिलेगी| महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह मिलेंगे| सरकारी कर्मचारियों को पेंशन मिलेगी|100 यूनिट तक बिजली मुफ्त मिलेगी| इसके अलावा हम राज्य में जातिगत जनगणना भी करवाएंगे| हमारी वर्किंग कमेटी में पिछड़े वर्ग के 6 लोग शामिल हैं|

खरगे ने मध्य प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की मौजूदा सरकार अवैध है| बीजेपी ने हमारे विधायकों को तोड़ लिया| वहीं कांग्रेस ने अपने सिद्धांतों पर सरकार बनाई है|

बीजेपी पर तंज कसते हुए खरगे ने कहा, बीजेपी हमेशा पूछती है कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया| हमने संविधान बचा कर रखा, लोकतंत्र को बचाकर रखा| इसलिए वह प्रधानमंत्री बनें| आपने ईडी का डर दिखाकर अपनी सरकार बनाई| ऐसा ही कुछ कर्नाटक और मणिपुर में भी किया| बीजेपी जहां सरकार नहीं बना पाती, वहां ऐसा ही करती है|

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी संत रविदास को केवल चुनाव के दौरान याद करती है| पीएम मोदी पिछले 9 साल से सत्ता में हैं| जबकि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पिछले 18 साल से राज्य पर शासन कर रहे हैं| उन्होंने रविदास को केवल चुनाव के समय याद किया|

About Post Author