नोएडा के सेक्टर-125 में शनिवार को एक कैफे में भीषण आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण आसपास की तीन से चार दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के घायल होने या मौत की सूचना नहीं है।
Knews Desk– सेक्टर-125 स्थित एक निजी कैफे में गैस सिलिंडर से रिसाव के कारण आग लगने की शुरुआती आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की दुकानों तक फैल गई। घटना के बाद इलाके में धुएं का घना गुबार छा गया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
आग की सूचना मिलने पर दमकल विभाग अलर्ट हुआ और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने और लपटों को दूसरी दुकानों तक फैलने से रोकने में जुटे रहे। फिलहाल मौके पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौजूद हैं।
फायर ब्रिगेड के चीफ ऑफिसर प्रदीप चौबे के मुताबिक, आग की चपेट में आई दुकानों और वहां रखे सामान के बारे में पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद किया जाएगा।
मौके पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी में गैस सिलिंडर रिसाव को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों और इसके फैलने की परिस्थितियों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।