अमेरिका में बड़ा एयर ट्रैफिक संकट, ATC खराबी के बाद 8 हजार उड़ानें प्रभावित

अमेरिका में अब उड़ानें फिर से शुरू हो गई हैं। एयर ट्रैफिक कंट्रोल यानी ATC की संचार व्यवस्था में आई तकनीकी खराबी के चलते 4 घंटे से ज्यादा समय तक हजारों विमान ग्राउंड पर रहे। अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन यानी FAA ने देशभर के एयरपोर्ट पर विमानों के उड़ान भरने पर लगाई गई रोक हटा दी है। इस दौरान करीब 8 हजार उड़ानें देरी से चलीं या रद्द करनी पड़ीं, जिससे लाखों यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई।

Knews Desk- FAA ने बताया कि देशभर के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों के बीच संचार व्यवस्था में दिक्कत आई थी। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए विमानों के उड़ान भरने पर रोक लगाई गई थी। इस दौरान जो विमान पहले से हवा में थे, उन्हें उतरने की अनुमति थी, लेकिन एयरपोर्ट पर खड़े विमान उड़ान नहीं भर सकते थे। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लेकर अलग-अलग मामलों में फैसला लिया जाना था।

अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि FAA के तकनीकी विशेषज्ञ इस समस्या की जांच कर रहे हैं। बाद में अधिकारियों ने तकनीकी खराबी की पहचान कर ली और एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर तथा TRACON यानी टर्मिनल रडार अप्रोच कंट्रोल ने दोबारा काम करना शुरू कर दिया। डफी के मुताबिक, अमेरिकी समय के अनुसार रात 8:15 बजे एयरस्पेस को दोबारा खोल दिया गया। इस खराबी को ‘रोलिंग फ्रीक्वेंसी आउटेज’ बताया गया है। इसका मतलब है कि अलग-अलग समय पर संचार की अलग-अलग फ्रीक्वेंसी में रुकावट आना। इसके कारण विमानों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के बीच संपर्क बनाए रखने में परेशानी हुई।

अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि फिलहाल साइबर हमले का कोई सबूत नहीं मिला है। उन्होंने इसे संचार व्यवस्था में आई तकनीकी खराबी बताया। हालांकि, एयरस्पेस खुलने के बाद भी सभी उड़ानें तुरंत सामान्य नहीं होंगी। सीन डफी ने यात्रियों से अपनी फ्लाइट की जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करने की अपील की है। डफी ने बताया कि उड़ानों को सामान्य होने में समय लगेगा। यह इस बात पर भी निर्भर करेगा कि उड़ान के लिए पायलट, केबिन क्रू और अन्य कर्मचारी उपलब्ध हैं या नहीं। दोपहर में हुई इस गड़बड़ी के कारण उड़ानों का शेड्यूल प्रभावित हुआ है, जिसे पूरी तरह सामान्य करने में कुछ समय लग सकता है।

अमेरिका में 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद देशभर की उड़ानों पर रोक लगाई गई थी। इसके बाद जनवरी 2023 में FAA के कंप्यूटर सिस्टम में खराबी के कारण भी उड़ानें रोकी गई थीं। उस समय घरेलू उड़ानों पर करीब 90 मिनट तक रोक रही थी। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में हर दिन करीब 45 हजार उड़ानें संचालित होती हैं। AP की रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान करीब 600 उड़ानों का रास्ता बदलना पड़ा। उस दिन लगभग 11 हजार उड़ानों से 15 लाख से ज्यादा यात्रियों के सफर करने का अनुमान था।

अमेरिका का एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम लंबे समय से तकनीकी समस्याओं और कर्मचारियों की कमी से जूझ रहा है। पिछले साल अमेरिकी कांग्रेस ने इस सिस्टम को सुधारने के लिए 12.5 अरब डॉलर मंजूर किए थे। शुक्रवार को FAA और व्हाइट हाउस ने इसके अलावा 30.1 अरब डॉलर की अतिरिक्त मदद भी मांगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *