KNews Desk– उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। सोमवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें हत्या के दो संदिग्ध आरोपी सुमित और मोहित मारे गए। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, अंकित की हत्या के बाद आरोपियों की तलाश में SWAT, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। रातभर जिले में नाकेबंदी और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।
सुबह करीब 4 बजे हिजाना थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना पुलिस टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान करनाल की ओर से बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। गोली पुलिस की गाड़ी में लगी। इसके बाद पुलिस ने वायरलेस के जरिए अन्य टीमों को अलर्ट किया। आरोपी बाइक से कैराना की ओर भागे, जहां मन्ना मादरा पुल के नीचे दूसरी पुलिस टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की। यहां भी आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिससे पुलिस वाहन का विंडशील्ड टूट गया।इसके बाद SWAT, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की कई टीमों ने घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, घिरने के बाद आरोपियों ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद मुठभेड़ हुई। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मारे गए दोनों आरोपियों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों अंकित बालियान हत्याकांड में संदिग्ध आरोपी थे। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
अंकित बालियान की 26 अगस्त की शाम शामली के आर्यपुरी इलाके में जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अंकित जिम से बाहर निकले थे, तभी हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अंकित कबड्डी खिलाड़ी भी रह चुके थे और करीब 2013-14 तक प्रदेश स्तर पर खेलते रहे थे। पैर में गंभीर चोट और फ्रैक्चर के बाद उन्हें खेल छोड़ना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने फिटनेस और जिम पर ध्यान दिया।इसके बाद अंकित का रुझान संगीत की तरफ बढ़ा और करीब 2022 में उन्होंने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम शुरू किया। गायन के अलावा वह एक्टिंग, गीत लेखन, कंपोजिंग और म्यूजिक प्रोडक्शन से भी जुड़े थे। उन्होंने कई चर्चित कलाकारों के साथ काम किया और उनके कई गानों को YouTube पर लाखों-करोड़ों व्यूज मिले। परिवार के मुताबिक, अंकित के 20 से ज्यादा नए गानों पर काम चल रहा था और वह बॉलीवुड में कदम रखने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, इससे पहले ही उनकी हत्या कर दी गई। अब दो संदिग्ध आरोपियों के एनकाउंटर के बाद पुलिस हत्या की वजह, साजिश और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच में जुटी है।