KNEWS DESK- महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में स्थित खतरनाक अम्बेनाली घाट में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। महाबलेश्वर से सतारा लौट रहे पर्यटकों की एक स्कॉर्पियो गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 8 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 2:45 बजे दाबेली गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार सभी युवक सतारा जिले के कोरेगांव तालुका के आसगांव के रहने वाले थे। सभी लोग कोंकण क्षेत्र में घूमने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अम्बेनाली घाट के खतरनाक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। पोलादपुर पुलिस, महाबलेश्वर ट्रैकर्स, प्रतापगढ़ रेस्क्यू टीम, आपदा मित्र और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बड़े स्तर पर राहत अभियान चलाया जा रहा है। खाई की गहराई और दुर्गम रास्तों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन काफी मुश्किल साबित हो रहा है। बचाव दल दूरबीन और विशेष उपकरणों की मदद से शवों और वाहन का पता लगाने की कोशिश कर रहा है।
अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि बाकी लोगों की तलाश जारी है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि हादसे में गाड़ी में सवार सभी यात्रियों की जान जा सकती है। दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गौरतलब है कि अम्बेनाली घाट पहले भी कई बड़े हादसों का गवाह रह चुका है। साल 2018 में इसी घाट में दापोली कृषि विश्वविद्यालय की बस गहरी खाई में गिर गई थी, जिसमें कई लोगों की मौत हुई थी। एक बार फिर उसी इलाके में हुए इस हादसे ने पुराने जख्मों को ताजा कर दिया है। फिलहाल प्रशासन की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।