वोट चोरी और वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में INDIA ब्लॉक के सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय तक मार्च निकाला। इस दौरान सपा सांसद जया बच्चन ने चुनाव आयोग पर भेदभाव का आरोप लगाया और बीजेपी के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी।
Knews Desk– नई दिल्ली में मंगलवार, 6 अक्टूबर को विपक्षी दलों के सांसदों ने वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में संसद से भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) के मुख्यालय तक मार्च निकाला। इस दौरान समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन ने हाथ में एक प्लेकार्ड लिया हुआ था, जिस पर लिखा था, “चुनाव आयोग भेदभाव कर रहा है, PDA के वोटों को काट रहा है।”
पत्रकारों से बातचीत में जया बच्चन ने बीजेपी के आरोपों पर कहा, “बीजेपी का काम है आरोप लगाना, वो सत्ता में हैं तो ऐसा करेंगे ही। हमारा जो काम है, वो हम लोग कर रहे हैं।” बीजेपी की ओर से ज्ञानेश कुमार के बजाय गणेश जी की मदद मिलने की बात कहे जाने पर जया बच्चन ने कहा, “गणेश जी बुरी चीजों की मदद नहीं करते हैं। अभी मैंने उनसे यही कहा, जब हम प्रार्थना करते हैं तो सबसे पहले गणेश जी की प्रार्थना करते हैं। अब हमने शुभारंभ उन्हीं से किया है। गणेश जी हमारी मदद करेंगे और हमारी रक्षा भी करेंगे।”
प्रदर्शन में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहे। INDIA ब्लॉक के सांसदों ने चुनाव आयोग की ओर बढ़ते हुए नीति आयोग कार्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद दिल्ली पुलिस के बैरिकेड पर चढ़ गए।
वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने मार्च को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस समय-समय पर भारतीय सेना, सुप्रीम कोर्ट, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL), हिंदुओं और EVM पर सवाल उठाती रही है। पात्रा ने कहा कि पिछले कई हफ्तों और महीनों से चुनाव आयोग पर भी हमले किए जा रहे हैं। उनके मुताबिक, कांग्रेस चुनाव आयोग का इस्तेमाल करके अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर सकती है।