कहीं SIT की रिपोर्ट चोरी न हो जाए… राम मंदिर दान मामले पर अखिलेश यादव का सरकार पर तंज

KNEWS DESK – अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावे की चोरी को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस मामले में जांच के लिए SIT (Special Investigation Team) गठित की गई है और जांच प्रक्रिया जारी है, लेकिन अभी तक एफआईआर दर्ज न होने को लेकर विपक्ष सवाल उठा रहा है।

इस पूरे मामले पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि जांच एजेंसियों को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि कहीं जांच रिपोर्ट ही “चोरी” न हो जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि समय इसलिए बढ़ाया जा रहा है ताकि सबूतों को प्रभावित किया जा सके।

जानकारी के मुताबिक, SIT (Special Investigation Team) की टीम अयोध्या में जांच पूरी कर लखनऊ लौट चुकी है और अब अंतिम रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट को सोमवार तक मुख्यमंत्री को सौंपे जाने की संभावना जताई जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह जांच रिपोर्ट करीब 140 पन्नों की बताई जा रही है, जिसमें कई अहम तथ्यों और साक्ष्यों का विवरण शामिल है। वहीं जांच के दौरान राम मंदिर ट्रस्ट के संबंधित अधिकारियों से पूछताछ भी की गई है, जिसमें कई घंटे तक सवाल-जवाब चले।

सूत्रों के अनुसार, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है और यदि अनियमितताएं साबित होती हैं तो कुछ कर्मचारियों पर सख्त कदम उठाए जाने की भी संभावना है। फिलहाल इस पूरे मामले पर सभी की नजर Akhilesh Yadav के बयानों और जांच रिपोर्ट के अगले कदम पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *