KNEWS DESK – पटना के प्रसिद्ध कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी के संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। इस दुखद घटना पर देश के चर्चित शिक्षक खान सर ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने एक भावुक वीडियो संदेश जारी कर न केवल पीड़ित परिवार के प्रति अपना दुख व्यक्त किया, बल्कि मामले की निष्पक्ष जांच की भी मांग की है। खान सर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो संदेश में खान सर ने कहा कि जैसे ही उन्होंने समाचार चैनलों पर प्रिंस यादव की मौत की खबर देखी, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने प्रिय सदस्य को खोना जीवन की सबसे बड़ी त्रासदी होती है। इस दुख को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि वह रौशन आनंद और उनके परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। खान सर ने कहा कि ऐसी घटना किसी दुश्मन के साथ भी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की खबर सुनकर किसी का भी दिल बैठ जाता है। परिवार इस समय बेहद कठिन दौर से गुजर रहा होगा और संभव है कि वे किसी से बातचीत करने की स्थिति में भी न हों। ऐसे समय में समाज और शुभचिंतकों को परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए। खान सर ने कहा कि उनकी पूरी संवेदना रौशन आनंद और उनके परिवार के साथ है। यदि परिवार को किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी तो वह हर संभव मदद के लिए तैयार हैं।
खान सर ने इस मामले में पारदर्शी और निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि पुलिस को जल्द से जल्द पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करनी चाहिए ताकि प्रिंस यादव की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। उन्होंने आशंका जताई कि इस घटना में किसी तीसरे व्यक्ति की भूमिका भी हो सकती है। खान सर ने कहा कि मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।