‘टिकट मांगा तो घर में बम गिरा देंगे’… देवबंद की पूर्व विधायक को धमकी

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में देवबंद से भाजपा की पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर को धमकी भरा पत्र मिलने का मामला सामने आया है। पत्र में 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से टिकट मांगने पर उनके घर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इसके अलावा, उनके परिवार को निशाना बनाने और उनके दिवंगत दत्तक पुत्र को बदनाम करने की धमकी देने की बात भी कही गई है।

Knews Desk – धमकी भरा पत्र शशिबाला पुंडीर के सहारनपुर स्थित आवास पर स्पीड पोस्ट के जरिए भेजा गया। पत्र में उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। साथ ही लोगों की जनसुनवाई बंद करने को कहा गया है। पत्र में एक मोबाइल नंबर भी दर्ज है, जिस पर तत्काल एक लाख रुपये गूगल पे के जरिए भेजने की मांग की गई है। हालांकि, शशिबाला पुंडीर का कहना है कि वह इस तरह की धमकियों से डरने वाली नहीं हैं।

पत्र में कथित तौर पर लिखा गया है, ‘मैं गैंगस्टर हूं, शशिबाला पुंडीर जी आप 10 लाख रुपए दो नहीं तो मैं आपको गोली मार दूंगा। दूसरी बात आप लोगों की जनसुनवाई करना बंद करो नहीं तो हम आपके घर मे बम गिरा देंगे। 2027 में चुनाव नहीं लड़ेंगी, देवबंद से भाजपा की टिकट की मांग नहीं करोगी। 1991 से 1996 तक विधायक रहना बहुत है।’

पत्र में भारतीय स्टेट बैंक का खाता संख्या 33058552870 भी दिया गया है और इस खाते में 10 लाख रुपये भेजने की धमकी दी गई है। पत्र भेजने वाले ने कथित तौर पर चेतावनी दी है कि ऐसा नहीं करने पर वह उनका एक वीडियो वायरल कर देगा। इसके अलावा, पत्र में उनके बेटों को रेप केस में फंसाने की धमकी देने की बात भी सामने आई है। पत्र में तत्काल एक लाख रुपये गूगल पे के जरिए भेजने के लिए 7073909006 मोबाइल नंबर दर्ज किया गया है।

धमकी भरा पत्र मिलने के बाद शशिबाला पुंडीर ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने खुद को राजपूत समाज की बेटी बताते हुए कहा कि वह डरने वाली नहीं हैं और सच्चाई के लिए लड़ती रहेंगी। उन्होंने कहा कि वह हथियार लेकर नहीं चलतीं, बल्कि अकेले चलती हैं और रात-बेरात भी निकलती हैं। उनके मुताबिक, इस तरह की धमकियां उनके हौसले, हिम्मत और निष्पक्षता को कमजोर नहीं कर सकतीं।

शशिबाला पुंडीर ने यह भी कहा कि धमकी मिलने के बावजूद उनका रोजमर्रा का कार्यक्रम जारी रहेगा। पत्र में भेजने वाले का नाम मंगल लिखा गया है। उसने अपनी जाति राजपूत बताई है और पता श्रीगंगानगर दर्ज किया है।

फिलहाल, पूर्व विधायक की ओर से इस धमकी भरे पत्र के संबंध में पुलिस में शिकायत किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। मामले में पत्र भेजने वाले की पहचान और धमकी की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि की जानकारी भी उपलब्ध नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *