कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के सनीगवां में सोमवार शाम दर्दनाक हादसे में तीन साल के मासूम निहाल की जान चली गई। बच्चा घर से करीब 30 मीटर दूर खेलते समय एक सर्विस सेंटर के लगभग पांच फीट गहरे टैंक में गिर गया। करीब डेढ़ घंटे बाद उसके टैंक में गिरने की जानकारी मिली।
Knews Desk– सनीगवां के बंबा इलाके में रहने वाले मोहम्मद रफीक मजदूरी करते हैं। उनके परिवार में पत्नी सहाना और तीन बेटे गुफरान, कुर्बान और निहाल थे। सोमवार शाम करीब चार बजे निहाल मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह घर से लगभग 30 मीटर दूर स्थित सर्विस सेंटर के टैंक में गिर गया।
डेढ़ घंटे बाद मिली जानकारी
निहाल के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शाम करीब 5:30 बजे मोहल्ले के बच्चों ने बताया कि वह टैंक में गिर गया है। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। बच्चे को टैंक से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने के लिए निकलने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई, जिसके बाद परिजन उसे घर वापस ले आए।
पुलिस और दमकल विभाग पहुंचा
घटना की जानकारी शाम करीब सात बजे पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस बल और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र के मुताबिक, परिजन फिलहाल कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। उनसे बातचीत की जा रही है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम के लिए सहमति बनने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खुले टैंक की सुरक्षा पर सवाल
इस हादसे के बाद रिहायशी इलाकों में स्थित सर्विस सेंटरों और व्यावसायिक परिसरों में बने खुले या असुरक्षित टैंकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। घर के पास खेल रहे तीन साल के बच्चे की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। यह भी जांच का विषय है कि टैंक किस उद्देश्य से बनाया गया था और वहां बच्चों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।