गिरफ्तारी, जेल या मौत का भी सामना करूंगी….. बांग्लादेश लौटने को तैयार शेख हसीना

KNEWS DESK- बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा है कि गिरफ्तारी, जेल या मौत की सजा का खतरा होने के बावजूद वह इस साल दिसंबर तक अपने देश लौटने के लिए तैयार हैं। अगस्त 2024 से नई दिल्ली में रह रहीं हसीना ने कहा कि वह अपने देश और लोगों के बीच वापस जाना चाहती हैं और लौटने के बाद जो भी परिस्थितियां सामने आएंगी, उनका सामना करेंगी।

समाचार एजेंसी एएफपी को ई-मेल के जरिए दिए जवाब में शेख हसीना ने कहा, “मेरी हत्या हो सकती है। मुझे गिरफ्तार किया जा सकता है। मुझे जेल भेजा जा सकता है। फिर भी मैं वापस जाना चाहती हूं, क्योंकि मेरे लोग मुझे बुला रहे हैं। मुझे अपनी किस्मत का अच्छी तरह अंदाजा है।” इससे पहले समाचार एजेंसी रॉयटर्स से बातचीत में भी उन्होंने कहा था कि वह और उनकी पार्टी के नेता निर्वासन से वापस लौटेंगे और बांग्लादेश की अदालतों का सामना करेंगे। उनका कहना था कि उन्हें न्यायिक प्रक्रिया से डर नहीं है और वह अपने देश में रहकर हर चुनौती का सामना करना चाहती हैं।

शेख हसीना ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लगातार दमन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मौत भी होती है तो वह अपनी मातृभूमि पर ही हो, जहां उनके माता-पिता दफन हैं और जहां उनके परिवार ने देश के लिए बलिदान दिया था। गौरतलब है कि शेख हसीना अगस्त 2024 से भारत की राजधानी नई दिल्ली में रह रही हैं। उनके इस बयान ने एक बार फिर बांग्लादेश की राजनीति में संभावित वापसी की चर्चाओं को तेज कर दिया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या वह दिसंबर तक अपने देश लौटती हैं और लौटने के बाद वहां की कानूनी एवं राजनीतिक परिस्थितियों का किस तरह सामना करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *