दिल्ली में शुरू हुई हाइड्रोजन बस सेवा, पेट्रोल-डीजल से मिलेगी राहत की उम्मीद

Knews Desk– दिल्ली में पर्यावरण अनुकूल परिवहन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने देश की पहली हाइड्रोजन पावर्ड शटल बस सेवा की शुरुआत कर दी है। यह पहल राजधानी में स्वच्छ ऊर्जा और प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। यह नई हाइड्रोजन बस सेवा 15 मई से सेंट्रल विस्टा एरिया में शुरू की गई है। यह बस सेवा केंद्रीय सचिवालय से सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन के बीच यात्रियों को कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। इस रूट पर चलने वाली यह बस पूरी तरह हाइड्रोजन ईंधन पर आधारित है, जिससे कार्बन उत्सर्जन लगभग शून्य रहेगा।

IOCL और टाटा मोटर्स की अहम भूमिका

इस हाइड्रोजन बस को इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) द्वारा उपलब्ध कराया गया है, जबकि इसे टाटा मोटर्स ने विकसित किया है। टाटा मोटर्स ने इस बस को वर्ष 2023 में IOCL को सौंपा था। अब इसे पायलट प्रोजेक्ट के तहत दिल्ली में चलाया जा रहा है। यह पहल भारत में ग्रीन एनर्जी और फ्यूल विकल्पों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हाइड्रोजन फ्यूल को भविष्य का ईंधन माना जाता है, क्योंकि यह पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना ऊर्जा प्रदान करता है।

फ्यूल खर्च कम करने की दिशा में पहल

यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए देशवासियों से ईंधन की बचत और वैकल्पिक ऊर्जा के उपयोग की अपील की है। माना जा रहा है कि हाइड्रोजन बस जैसी तकनीकें आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता को कम कर सकती हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, यदि यह पायलट प्रोजेक्ट सफल रहता है तो आने वाले समय में देश के अन्य शहरों में भी हाइड्रोजन बसों का विस्तार किया जा सकता है। यह भारत के सार्वजनिक परिवहन सिस्टम को अधिक आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *