हैदराबाद-हुबली फ्लाइट में तकनीकी गड़बड़ी, 4 घंटे हवा में मंडराता रहा विमान, बेंगलुरु में हुई सुरक्षित लैंडिंग

शिव शंकर सविता- रविवार को हैदराबाद से हुबली जा रही फ्लाई91 एयरलाइंस की एक उड़ान में तकनीकी खराबी आने से बड़ा हड़कंप मच गया। निर्धारित समय पर हुबली में उतरने जा रहे इस विमान को अचानक आई गड़बड़ी के चलते लैंडिंग रद्द करनी पड़ी, जिसके बाद यह करीब चार घंटे तक आसमान में ही चक्कर लगाता रहा। इस दौरान विमान में सवार यात्रियों के बीच डर और घबराहट का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, फ्लाई91 की उड़ान IC-3401 (ATR टर्बोप्रॉप AT7) रविवार दोपहर करीब 3 बजे राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रवाना हुई थी। इसे शाम 4:30 बजे हुबली एयरपोर्ट पर उतरना था। लेकिन जैसे ही विमान हुबली के नजदीक पहुंचा, पायलट को तकनीकी खराबी का संकेत मिला। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट ने तुरंत लैंडिंग टाल दी और विमान को हवा में ही बनाए रखा।

मुंडगोड, दावणगेरे और शिवमोग्गा के ऊपर लगातार लगाता रहा चक्कर

इसके बाद विमान ने कर्नाटक के कई इलाकों मुंडगोड, दावणगेरे और शिवमोग्गा के ऊपर लगातार चक्कर लगाए। इस दौरान विमान के अंदर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लग गया था और वे डर के मारे प्रार्थना करने लगे। कुछ यात्री इतने सहम गए कि वे फूट-फूटकर रोने लगे। लंबे समय तक हवा में रहने के कारण यात्रियों की बेचैनी और बढ़ गई। करीब चार घंटे तक स्थिति पर नजर रखने और सुरक्षित विकल्प तलाशने के बाद पायलट ने विमान को बंगलुरू डायवर्ट करने का फैसला लिया। आखिरकार शाम करीब 7:30 बजे विमान को कैंपागोड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। विमान के सुरक्षित उतरते ही यात्रियों और क्रू मेंबर ने राहत की सांस ली।

तकनीकी खराबी का नहीं आया कोई विस्तृत बयान

हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने यात्रियों को झकझोर कर रख दिया। कई यात्रियों ने फ्लाई91 एयरलाइंस पर लापरवाही का आरोप लगाया है और कहा कि उन्हें समय पर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई। कुछ यात्रियों ने इस अनुभव को “जिंदगी का सबसे डरावना सफर” बताया। एयरलाइन की ओर से फिलहाल तकनीकी खराबी के कारणों को लेकर विस्तृत बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक विमान में आई समस्या की जांच की जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी परिस्थितियों में पायलट द्वारा लैंडिंग टालना और सुरक्षित एयरपोर्ट की ओर रुख करना एक मानक सुरक्षा प्रक्रिया होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *