KNEWS DESK – राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में स्थित एक तीन मंजिला कमर्शियल इमारत में बने एनिमेशन सेंटर में लगी भीषण आग के बाद हुए हादसे को लेकर लगातार नए अपडेट सामने आ रहे हैं। आग और घने धुएं से बचने के लिए खिड़की की ग्रिल पकड़कर नीचे कूदने वाले छात्र की जान अब बच गई है। फिलहाल उसका इलाज किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
छात्र की हालत खतरे से बाहर
KGMU ट्रॉमा सेंटर के सीएमएस डॉ. प्रेम राज सिंह के अनुसार, जिस छात्र ने इमारत से छलांग लगाई थी, उसकी कमर और रीढ़ की हड्डी के आसपास चोटें आई हैं। डॉक्टरों की टीम उसका इलाज पूरी निगरानी में कर रही है। फिलहाल छात्र खतरे से बाहर बताया जा रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि CT स्कैन और X-Ray की मदद से यह जांच की जा रही है कि कहीं कोई अंदरूनी फ्रैक्चर तो नहीं है।
KGMU के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अनिल अग्रवाल के मुताबिक, कुल दो बच्चों ने इमारत से नीचे छलांग लगाई थी। दोनों के पीठ और कमर में चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।
अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि
अस्पताल प्रशासन के अनुसार इस हादसे में अब तक 21 से 22 लोगों को अस्पताल लाया गया। इनमें से 15 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया, जिन्हें “ब्रॉट डेड” घोषित किया गया।
मृतकों में 12 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। सभी शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कई बच्चे सुरक्षित, कुछ का इलाज जारी
राहत की बात यह है कि मलबे से निकाले गए 5-6 बच्चे पूरी तरह स्थिर हैं और बातचीत कर रहे हैं। वहीं, दो घायल बच्चों का विशेष इलाज जारी है—एक छात्र जिसकी कमर में चोट है और एक छात्रा जिसके पैर में चोट लगी है।
प्रशासन और मेडिकल टीमें लगातार राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रही हैं। हादसे के कारणों की जांच भी जारी है, जबकि घायलों के इलाज को प्राथमिकता दी जा रही है।