KNEWS DESK- बिहार की राजनीति के लिए आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल का पहला विस्तार आज पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होगा। समारोह में 30 से अधिक नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। राज्यपाल सैयद अता हसनैन मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पटना पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक प्रधानमंत्री का भव्य रोड शो प्रस्तावित है। बताया जा रहा है कि पीएम लगभग डेढ़ घंटे तक शहर में रहेंगे।
पीएम मोदी का संभावित कार्यक्रम
सुबह 11:30 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे
11:40 बजे गांधी मैदान के लिए रवाना होंगे
करीब 12:15 बजे गांधी मैदान पहुंचेंगे
12:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह शुरू होगा
दोपहर 1:00 बजे कार्यक्रम समाप्त होगा
कई दिग्गज नेता होंगे मौजूद
समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, जदयू प्रमुख नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, जीतन राम मांझी सहित कई वरिष्ठ नेता और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं।
कैबिनेट विस्तार से पहले बुधवार देर रात तक भाजपा और जदयू नेताओं के बीच बैठकों का दौर चलता रहा। भाजपा की ओर से अमित शाह ने वरिष्ठ नेताओं के साथ संभावित मंत्रियों के नामों पर चर्चा की, जबकि जदयू खेमे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर कोर कमेटी की बैठक हुई। दोनों दलों ने अपने-अपने कोटे के मंत्रियों की सूची लगभग अंतिम रूप दे दी है।
प्रधानमंत्री के दौरे और बड़े राजनीतिक आयोजन को देखते हुए पूरे पटना में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। ट्रैफिक व्यवस्था में भी कई बदलाव किए गए हैं ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।