पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

KNEWS DESK- पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले में बुधवार देर शाम एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। भाजपा नेता Suvendu Adhikari के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, यह वारदात मध्यमग्राम इलाके के डोहरिया मोड़ के पास हुई। बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ रथ अपनी कार में सवार होकर घर लौट रहे थे। तभी बाइक पर आए कुछ बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने करीब तीन राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें एक गोली सीधे उनके सीने में लगी। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना में एक सुरक्षा गार्ड के घायल होने की भी सूचना है। वहीं, कार में मौजूद एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें आई हैं, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ रथ पिछले करीब पांच वर्षों से शुभेंदु अधिकारी के साथ काम कर रहे थे और उन्हें उनका बेहद करीबी सहयोगी माना जाता था। हाल के चुनावों के दौरान भी वे कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे थे और प्रचार अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

इस हत्या के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। घटना को राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और चुनावी गतिविधियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई। हमलावरों की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी की गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *