आप सांसद पर ईडी की बड़ी कार्रवाई, अशोक मित्तल के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापे

डिजिटल डेस्क- आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार, यह रेड पंजाब, हरियाणा और गुरुग्राम समेत 8 से 9 ठिकानों पर एक साथ चल रही है। इन ठिकानों में मित्तल के आवास के अलावा उनके बेटे से जुड़े परिसर भी शामिल हैं। ED की टीम ने जालंधर स्थित उनके घर पर भी दबिश दी, जहां उस समय मित्तल खुद मौजूद थे। जानकारी के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के फंड से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर की जा रही है। हालांकि, ED की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि एजेंसी वित्तीय लेन-देन और फंड फ्लो की गहराई से जांच कर रही है।

छापेमारी के दौरा कई दस्तावेजों को किया गया जब्त

छापेमारी के दौरान ED की टीम ने कई अहम दस्तावेजों को खंगाला और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जैसे लैपटॉप, मोबाइल और हार्ड डिस्क को भी कब्जे में लिया है। जांच एजेंसी इन उपकरणों के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं यूनिवर्सिटी के फंड का गलत इस्तेमाल या हेरफेर तो नहीं हुआ। सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में कुछ संदिग्ध ट्रांजैक्शन की जानकारी मिली है, जिसकी अब विस्तार से जांच की जा रही है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में AAP ने राघव चड्ढा को हटाकर अशोक मित्तल को राज्यसभा में डिप्टी लीडर नियुक्त किया था। उनकी इस नई राजनीतिक भूमिका के तुरंत बाद ED की रेड को लेकर राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। विपक्षी दल जहां इसे भ्रष्टाचार से जुड़ी कार्रवाई बता रहे हैं, वहीं AAP इसे राजनीतिक दबाव की कार्रवाई करार दे सकती है।

लवली स्वीट्स की स्थापना के बाद पाई थी प्रसिद्धि

अगर अशोक मित्तल की पृष्ठभूमि की बात करें, तो उनका सफर काफी दिलचस्प रहा है। पंजाब के जालंधर में जन्मे मित्तल के पिता ने ‘लवली स्वीट्स’ नाम से एक छोटी मिठाई की दुकान शुरू की थी। परिवार ने मिलकर इस कारोबार को आगे बढ़ाया और इसे जालंधर की एक प्रसिद्ध मिठाई ब्रांड बना दिया। इसी कारोबार से मिली सफलता के बाद मित्तल ने 2005 में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की स्थापना की। आज LPU देश की सबसे बड़ी निजी यूनिवर्सिटीज में शुमार है, जहां हजारों छात्र शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। मित्तल ने गुरु नानक देव विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की और शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *