दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण आज, पीएम मोदी देंगे तीन राज्यों को बड़ी सौगात

KNEWS DESK- देश के बुनियादी ढांचे को नई गति देने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। नरेंद्र मोदी मंगलवार को 11,963 करोड़ रुपये की लागत से तैयार दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे। इस परियोजना के जरिए उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री सुबह करीब 10:30 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से वे हेलिकॉप्टर के जरिए सहारनपुर के गणेशपुर हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वे एलिवेटेड कॉरिडोर के व्यू प्वाइंट का निरीक्षण करेंगे और एशिया के सबसे लंबे एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर का अवलोकन करेंगे। इसी क्रम में प्रधानमंत्री मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे।

इस कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ भी प्रधानमंत्री के साथ मौजूद रहेंगे। वहीं, उद्घाटन समारोह में आनंदीबेन पटेल, नितिन गडकरी, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य सहित कई प्रमुख नेता भाग लेंगे।राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सुबह लखनऊ से सरसावा एयरपोर्ट पहुंचेंगी और वहां से सुंदरपुर हेलीपैड के लिए रवाना होंगी। वे कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण भी देखेंगी। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी वन्यजीव कॉरिडोर और एलिवेटेड मार्ग का निरीक्षण कर जनसभा में शामिल होंगे।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सुबह गणेशपुर हेलीपैड पहुंचेंगे और इसके बाद देहरादून में आयोजित जनसभा में भाग लेंगे। यह कॉरिडोर न केवल यात्रा समय को कम करेगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नई दिशा देगा।

दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर के उद्घाटन के साथ ही उत्तर भारत में सड़क नेटवर्क को एक नई पहचान मिलने जा रही है, जिससे लाखों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाभ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *