KNEWS DESK- कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने पद संभालने के तुरंत बाद कई बड़े फैसलों की घोषणा की है। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा बेंगलुरु की सड़कों और ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने को लेकर हो रही है। आईटी हब के रूप में पहचान रखने वाला बेंगलुरु लंबे समय से खराब सड़कों, गड्ढों और भारी ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहा है। इसी को देखते हुए राज्य सरकार ने सड़क सुधार और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए 2000 करोड़ रुपये का बजट तय किया है।
मुख्यमंत्री ने शहर में अवैध निर्माण से जुड़े मुद्दों पर भी बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि कई मकान और इमारतें बिना उचित मंजूरी या नियमों का पालन किए बनाई गई हैं। अदालत के आदेशों के चलते ऐसे भवनों पर बिजली और पानी के कनेक्शन को लेकर परेशानी खड़ी हो गई थी। सरकार अब एक नई योजना लाने जा रही है, जिसके तहत 2500 वर्ग फुट तक की संपत्तियों के लिए वन टाइम सेटलमेंट स्कीम लागू की जाएगी। इससे कई लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
रोजगार के मोर्चे पर भी सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। डीके शिवकुमार ने कहा कि राज्य में 50 हजार नए रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके लिए सरकार जल्द ही भर्ती से जुड़ा कैलेंडर और अधिसूचना जारी करने पर विचार करेगी।
इसके अलावा निजी क्षेत्र में नौकरी तलाश रहे युवाओं के लिए एक विशेष रोजगार विनिमय कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसमें युवाओं का पंजीकरण कर उन्हें उनकी रुचि और योग्यता के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि उन्हें बेहतर रोजगार मिल सके। सरकार ने छात्रों के लिए मुफ्त बस पास और युवाओं के विकास के लिए राज्यभर में 10 हजार भारत जोड़ो युवक संघ शुरू करने की भी घोषणा की है।