औरंगजेब को लेकर देवेंद्र फडणवीस ने दी अपनी प्रतिक्रिया, कहा- ‘इस देश के मुसलमानों ने औरंगजेब को कभी स्वीकार नहीं किया’

महाराष्ट्र-  महाराष्ट्र में औरंगजेब को लेकर चल रही रार तो थमने का नाम ही नहीं ले रही है| कई स्थानों पर भी इसे लेकर बवाल देखने को मिला है| अब यह मामले सियासी मुद्दा बन गया है| इस बवाल को लेकर राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी अपनी प्रतिक्रिया सामने रखते हुए कहा है कि भारत में मौजूद मुसलमान औरंगजेब के वंशज नहीं हैं, औरंगजेब और उसका वंश बाहर से आया था|फडणवीस ने कहा, इस देश के मुसलमानों ने औरंगजेब को कभी स्वीकार नहीं किया|

देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हमारे राजा केवल छत्रपति शिवाजी महाराज हैं| हमारे पास दूसरा राजा नहीं हो सकता| इस देश का मुसलमान जिसके पास राष्ट्रीय विचार हैं, उसने औरंगजेब को कभी स्वीकार नहीं किया| वो केवल छत्रपति शिवाजी महाराज का सम्मान करते हैं|

देवेंद्र फडणवीस ने औरंगाबाद जिले में औरंगजेब के मकबरे पर जाने के लिए वंचित बहुजन आघाड़ी के प्रमुख प्रकाश आंबेडकर पर भी तंज कसते हुए शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से पूछा कि क्या उन्हें उनका कदम मंजूर है| इस साल की शुरुआत में, ठाकरे और आंबेडकर के दलों ने गठबंधन किया था|

अकोला में जनसभा को संबोधित करते हुए फडणवीस ने मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर कहा कि अकोला, संभाजीनगर और कोल्हापुर में जो हुआ वह संयोग नहीं, बल्कि प्रयोग था| राज्य में औरंगजेब के इतने हमदर्द कैसे आ गए? औरंगजेब हमारा नेता कैसे हो सकता है? आंबेडकर पर तंज कसते हुए फडणवीस ने उनसे पूछा कि ऐसा करने की क्या जरूरत थी…?

औरंगजेब और टीपू सुल्तान को लेकर महाराष्ट्र में पिछले कई दिनों से रार चल रही है| कुछ युवकों ने औरंगजेब की फोटो  सोशल मीडिया पर लगाई थी, जिसके कारण विवाद शुरू हुआ था|कोल्हापुर में भी औरंगजेब  की तस्वीरों को लेकर जमकर विवाद हुआ| विपक्ष ने आरोप लगाया कि बीजेपी चुनाव से पहले औरंगजेब का मुद्दा जानबूझकर उठा रही है| शिंदे गुट और बीजेपी विपक्ष को इसका जिम्मेदार ठहरा रहा है|

About Post Author