BPSC-SI परीक्षा रद्द करने की मांग, पटना में छात्रों का प्रदर्शन

KNEWS DESK- बिहार में दारोगा भर्ती और BPSC 70वीं परीक्षा रद्द करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों ने प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र छात्र संगठनों के नेतृत्व में जेपी गोलंबर के पास जुटे और सड़क पर उतर आए।

प्रदर्शनकारियों ने जेपी गोलंबर से रामगुलाम चौक तक मुख्य मार्ग जाम कर दिया। इसके बाद वे चिड़ियाटाड़ ओवरब्रिज होते हुए विधानसभा की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने जीपीओ के पास उन्हें रोक दिया। हालांकि, प्रदर्शनकारी पुलिस का घेरा तोड़कर आगे बढ़ गए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जेपी गोलंबर से डाकबंगला चौराहे तक बड़ी संख्या में पुलिस बल और दंगा रोधी दस्ता तैनात किया गया। सड़क जाम के कारण अशोक राजपथ समेत आसपास के मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा।

छात्र 1799 पदों वाली दारोगा भर्ती परीक्षा रद्द कर दोबारा पारदर्शी तरीके से कराने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा BPSC 70वीं परीक्षा रद्द करने, BPSC इंटर स्तरीय परीक्षा की तारीख घोषित करने और आगामी परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी करने की मांग भी उठाई गई। अभ्यर्थियों ने सरकारी नियुक्तियों में संविदा कर्मियों को मिलने वाला वेटेज खत्म करने की मांग भी रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *