सीजेपी के प्रस्तावित ‘हल्ला बोल’ प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस सतर्क, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

KNEWS DESK- कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा राजधानी में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार अब तक प्रदर्शन के लिए कोई औपचारिक अनुमति आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, फिर भी संभावित भीड़ और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए व्यापक तैयारियां की गई हैं।सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार सुबह दिल्ली पहुंचने वाले हैं। उन्होंने हाल ही में अपने समर्थकों और छात्रों से दिल्ली में आयोजित होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। दीपके ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से समर्थकों से 6 जून को उनके दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर स्वागत के लिए आने का भी आग्रह किया था।जानकारी के अनुसार अभिजीत दीपके सुबह लगभग 8 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सीधे पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने जाने की योजना है, जहां वे प्रदर्शन की अनुमति के लिए आवेदन कर सकते हैं। उनके समर्थकों को भी सुबह 9 बजे पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर एकत्र होने के लिए कहा गया है।दिल्ली पुलिस ने हालांकि स्पष्ट किया है कि अब तक प्रदर्शन के लिए कोई आधिकारिक अनुमति नहीं मांगी गई है। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। शुक्रवार को जंतर-मंतर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई। पूरे इलाके को बैरिकेड लगाकर सुरक्षित किया गया है तथा आने-जाने वालों की निगरानी की जा रही है।सूत्रों के मुताबिक पुलिस छात्रों की अधिक संख्या वाले क्षेत्रों जैसे मुखर्जी नगर, राजेंद्र नगर, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), मुनिरका, नेब सराय और लक्ष्मी नगर पर विशेष नजर बनाए हुए है। इन इलाकों में संभावित जुटान को लेकर स्थानीय पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।इसके अलावा दिल्ली पुलिस विभिन्न राज्यों से आने वाले लोगों की आवाजाही पर भी नजर रख रही है। बस संचालकों और परिवहन एजेंसियों से संपर्क कर संभावित यात्रियों और समूहों की जानकारी जुटाई जा रही है।अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। यदि प्रदर्शन की अनुमति के लिए आवेदन किया जाता है तो उसे निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों के आधार पर जांचा जाएगा। फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *