CM योगी का आज अयोध्या-गोंडा दौरा, 520 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

KNEWS DESK- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अयोध्या और गोंडा के दौरे पर रहेंगे। अयोध्या में दीपोत्सव-2026 की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे, जबकि गोंडा में 520 करोड़ रुपये से अधिक की 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अयोध्या और गोंडा के दौरे पर रहेंगे। उनके अयोध्या दौरे का प्रस्तावित कार्यक्रम दोपहर 1 बजे तक पहुंचने का है। यहां वह दीपोत्सव-2026 की तैयारियों का जायजा लेंगे और संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। वहीं, गोंडा में विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देने के साथ कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और चेक वितरित करेंगे।

अयोध्या में मुख्यमंत्री सबसे पहले हनुमानगढ़ी और श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद राम की पैड़ी, रामकथा पार्क और सरयू आरती स्थल का निरीक्षण करेंगे। दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा के लिए PFC सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान दीपोत्सव के मुख्य अतिथियों के आगमन, VVIP सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों पर चर्चा होगी। बारिश से प्रभावित तैयारियों का भी मौके पर जायजा लिया जाएगा।

दीपोत्सव को लेकर प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन, CCTV कैमरों और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां की हैं। मुख्यमंत्री इन व्यवस्थाओं की समीक्षा कर तैयारियों को परखेंगे, ताकि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और आगंतुकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

गोंडा में 69 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोंडा जिले के छपिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत तेजपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान मनकापुर और गौरा विधानसभा क्षेत्रों के लिए 520 करोड़ रुपये से अधिक की 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मनकापुर विधानसभा क्षेत्र में 94 करोड़ रुपये की 9 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा, जबकि 160 करोड़ रुपये से अधिक की 20 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। वहीं, गौरा विधानसभा क्षेत्र में 53 करोड़ रुपये से अधिक की 19 परियोजनाओं का लोकार्पण और 213 करोड़ रुपये से अधिक की 21 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।

इन परियोजनाओं से सड़क, शिक्षा और सेतु निर्माण से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और चेक भी वितरित करेंगे। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, सांसद करण भूषण सिंह, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों के मौजूद रहने की जानकारी दी गई है। मुख्यमंत्री के दोनों जिलों के दौरे को विकास कार्यों की समीक्षा और नई परियोजनाओं की शुरुआत के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *