डिजिटल डेस्क- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का मोवा इलाका मंगलवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। एक सनकी पति के शक और गुस्से ने न केवल एक परिवार की खुशियाँ छीन लीं, बल्कि दो मासूम बहनों की जिंदगी का चिराग भी हमेशा के लिए बुझा दिया। चरित्र पर संदेह और घरेलू विवाद के चलते एक बाउंसर ने अपनी ही दो सालियों की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। घटना की पृष्ठभूमि में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा तनाव बताया जा रहा है। आरोपी जितेंद्र वर्मा उर्फ जित्तू, जो पेशे से एक बाउंसर है, अपनी पत्नी खिलेश्वरी के चरित्र पर अक्सर संदेह करता था। इसी बात को लेकर घर में आए दिन कलेश होता था। मंगलवार को भी दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद खिलेश्वरी अपनी डेढ़ साल की मासूम बच्ची को लेकर अपने मायके (मोवा बाजार) चली गई। पत्नी के घर छोड़कर जाने से जितेंद्र का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
आधी रात को मची चीख-पुकार
रात करीब 10:30 बजे, जब पूरा इलाका सोने की तैयारी कर रहा था, जितेंद्र अपनी लाइसेंसी पिस्टल के साथ ससुराल पहुंच गया। वह अपनी बेटी से मिलने की जिद पर अड़ा था। शोर सुनकर उसकी बड़ी साली गीतांजलि (26 वर्ष) बाहर आई। उसने जितेंद्र को समझाने की कोशिश की और कहा कि रात काफी हो चुकी है, जो भी बात होगी सुबह परिवार के बड़ों के सामने बैठकर सुलझा ली जाएगी। मगर, समझाने की यह कोशिश जितेंद्र को नागवार गुजरी। गुस्से में आपा खो चुके आरोपी ने अपनी पिस्टल निकाली और गीतांजलि के माथे पर सटाकर गोली चला दी। गीतांजलि वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरी बहन को भी नहीं बख्शा
गोली की आवाज सुनकर छोटी साली दुर्गेश्वरी (24 वर्ष) घबराकर छत से नीचे दौड़ी। अपनी बहन को खून से लथपथ देख वह अभी कुछ समझ ही पाती कि जितेंद्र ने उस पर भी निशाना साध दिया। भागने की कोशिश कर रही दुर्गेश्वरी की पीठ में गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों की मदद से दोनों बहनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने गीतांजलि को मृत घोषित कर दिया, जबकि दुर्गेश्वरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक साथ दो बेटियों की मौत से परिवार में मातम पसर गया है और मोहल्ले में सन्नाटा पसरा है।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने घेराबंदी कर फरार आरोपी जितेंद्र वर्मा को कुछ ही घंटों के भीतर हिरासत में ले लिया। उसके पास से कत्ल में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।