BRICS Summit: सम्मेलन शुरू होने में 24 घंटे से भी कम, जिनपिंग के भारत आने पर अब भी असमंजस

12-13 सितंबर को नई दिल्ली में BRICS Summit का आयोजन, चीन ने शी जिनपिंग की भारत यात्रा पर अभी नहीं दी आधिकारिक पुष्टि; पुतिन के शामिल होने की पुष्टि हो चुकी है

Knews Desk- भारत में होने वाले BRICS Summit को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं, लेकिन चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के नई दिल्ली पहुंचने को लेकर अभी भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। चीन ने अब तक जिनपिंग की भारत यात्रा की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सम्मेलन में शामिल होने की पुष्टि हो चुकी है।

BRICS Summit का आयोजन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया जाएगा। इससे पहले 11 सितंबर से BRICS Business Forum और Women’s Business Alliance की बैठकें शुरू होंगी। इस वर्ष BRICS की अध्यक्षता भारत के पास है।

शी जिनपिंग के BRICS Summit में शामिल होने को लेकर चीन से लगातार सवाल पूछे जा रहे हैं। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग से जब पूछा गया कि सम्मेलन में चीन का प्रतिनिधित्व कौन करेगा, तो उन्होंने कहा कि चीन BRICS सहयोग को काफी महत्व देता है और भारत द्वारा सम्मेलन के सफल आयोजन का समर्थन करता है।

हालांकि, उन्होंने चीनी प्रतिनिधिमंडल या शी जिनपिंग की व्यक्तिगत मौजूदगी को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। माओ निंग ने कहा कि अगर इस संबंध में कोई नई जानकारी होगी तो उसे साझा किया जाएगा।

मोदी ने 2025 में जिनपिंग को दिया था न्योता

भारत ने अगस्त 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चीन यात्रा के दौरान शी जिनपिंग को 2026 में भारत में होने वाले BRICS Summit में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार, जिनपिंग ने इस निमंत्रण के लिए मोदी को धन्यवाद दिया था और भारत की BRICS अध्यक्षता का समर्थन किया था।

हालांकि, न्योता स्वीकार करना सम्मेलन में व्यक्तिगत रूप से शामिल होने की पुष्टि नहीं माना जाता। 8 सितंबर तक चीन की ओर से जिनपिंग के नई दिल्ली आने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी।

अगस्त में Reuters ने तीन सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि जिनपिंग के BRICS Summit में पहुंचने की संभावना है। रिपोर्ट में कहा गया था कि चीनी अधिकारी एक बड़े प्रतिनिधिमंडल के दौरे की तैयारी कर रहे हैं। अगर जिनपिंग भारत आते हैं तो यह करीब सात साल बाद उनकी पहली भारत यात्रा होगी। हालांकि, अभी यह जानकारी आधिकारिक तौर पर चीन ने पुष्टि नहीं की है।

कब हुई थी मोदी और जिनपिंग की आखिरी मुलाकात?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग की हालिया आमने-सामने मुलाकात अगस्त 2025 में चीन के तियानजिन में SCO Summit के दौरान हुई थी। मोदी करीब सात साल बाद चीन पहुंचे थे। इससे पहले दोनों नेता अक्टूबर 2024 में रूस के कजान में आयोजित BRICS Summit के दौरान मिले थे।

ऐसे में अगर शी जिनपिंग BRICS Summit में हिस्सा लेने नई दिल्ली पहुंचते हैं, तो यह सिर्फ BRICS के लिहाज से ही नहीं, बल्कि भारत-चीन संबंधों के लिए भी महत्वपूर्ण घटनाक्रम होगा। सीमा विवाद के बाद दोनों देश अपने रिश्तों को धीरे-धीरे सामान्य दिशा में ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।

फिलहाल रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के BRICS Summit में शामिल होने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि जिनपिंग के दौरे को लेकर चीन की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *