दिल्ली की महिलाओं को बड़ी राहत! 15 अगस्त तक पिंक टिकट से मिलेगी फ्री बस यात्रा

KNEWS DESK- दिल्ली सरकार ने महिला यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए डीटीसी (DTC) और दिल्ली परिवहन विभाग की बसों में मुफ्त यात्रा के लिए ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ (NCMC) लागू करने की समय-सीमा बढ़ा दी है। अब 15 अगस्त 2026 तक महिला यात्री पहले की तरह पिंक टिकट के जरिए निशुल्क बस यात्रा कर सकेंगी। सरकार के नए आदेश के मुताबिक 16 अगस्त 2026 से मुफ्त यात्रा का लाभ केवल वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड (NCMC) धारक महिलाओं को ही मिलेगा।

इससे पहले जारी आदेश के अनुसार 1 अगस्त 2026 से मुफ्त यात्रा के लिए स्मार्ट कार्ड अनिवार्य किया जाना था। हालांकि, बड़ी संख्या में पात्र महिलाओं के अभी तक कार्ड नहीं बन पाने और उन्हें पर्याप्त समय देने के उद्देश्य से सरकार ने यह फैसला लिया है। सरकार का कहना है कि इस बदलाव के दौरान किसी भी महिला यात्री को असुविधा न हो, इसलिए मौजूदा व्यवस्था को 15 अगस्त तक जारी रखा जाएगा।

सरकार ने दिए जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश

दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों, डिपो मैनेजरों, क्षेत्रीय प्रबंधकों और बस कंडक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे जागरूकता अभियान तेज करें और महिला यात्रियों को जल्द से जल्द पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएं।

मंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि नई व्यवस्था बिना किसी परेशानी के लागू हो और सभी पात्र महिलाएं समय रहते कार्ड प्राप्त कर लें, ताकि 16 अगस्त के बाद उन्हें मुफ्त यात्रा में कोई दिक्कत न आए।

17 लाख से अधिक कार्ड हुए जारी

सरकार के अनुसार 31 जुलाई 2026 तक 17,04,042 पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं अभी भी कार्ड बनवाने की प्रक्रिया में हैं। इसी वजह से सरकार ने समय-सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया है।

दिल्ली सरकार ने सभी महिला यात्रियों से अपील की है कि वे 16 अगस्त 2026 से पहले अपना NCMC पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जरूर बनवा लें। इसके बाद डीटीसी और परिवहन विभाग की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा केवल इसी कार्ड के माध्यम से उपलब्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *