बिहार में ‘सम्राट युग’ की शुरुआत, सम्राट चौधरी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव बने डिप्टी सीएम

KNEWS DESK- बिहार की राजनीति में आज का दिन ऐतिहासिक बन गया जब भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। पटना के लोकभवन में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल सैय्यद अता हसनैन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

यह पहली बार है जब बिहार में भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल रहा है। 75 वर्षों के राजनीतिक इतिहास में यह क्षण राज्य की सत्ता-समीकरणों में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

सम्राट चौधरी के साथ जदयू कोटे से वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव ने भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस तरह नई एनडीए सरकार के पहले चरण में केवल तीन नेताओं को ही शपथ दिलाई गई, जबकि आगे कैबिनेट विस्तार की तैयारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, नई सरकार के गठन के बाद मंत्रिमंडल में कुल 33 पद अभी खाली हैं, जिन्हें आने वाले दिनों में भरा जाएगा। इसके बाद विभागों का बंटवारा कर सरकार पूरी तरह कार्यशील होगी।

शपथ ग्रहण समारोह में राजनीतिक और केंद्रीय स्तर के कई बड़े चेहरे मौजूद रहे। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, चिराग पासवान और जीतन राम मांझी सहित कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति ने समारोह को खास बना दिया।

इस सत्ता परिवर्तन को बिहार की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत माना जा रहा है, जिसे राजनीतिक विश्लेषक “सम्राट युग” के रूप में देख रहे हैं। बीजेपी के लिए यह उपलब्धि लंबे समय से चले आ रहे गठबंधन राजनीति के दौर में एक बड़ा पड़ाव साबित हो सकती है।