वडनगर से वाराणसी तक सेवा का संकल्प, PM मोदी के जन्मदिन पर बीजेपी निकालेगी मेगा बाइक यात्रा

knews desk –बीजेपी का ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में चलाया जाएगा. इस अभियान के तहत ‘वडनगर से वाराणसी’ और ‘वाराणसी से वडनगर’ सेवा संकल्प बाइक यात्रा का शुभारंभ 17 सितंबर को होगा. दोनों यात्राएं सुबह 9:30 बजे एक साथ रवाना होंगी.

गुजरात के वडनगर से निकलने वाली यात्रा को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और बीजेपी के वरिष्ठ नेता हरी झंडी दिखाएंगे. वहीं, वाराणसी में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेता यात्रा को रवाना करेंगे.

40 हजार किलोमीटर की दूरी तय करेंगे कार्यकर्ता

यह बाइक यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों और करीब 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी. इस दौरान कार्यकर्ता लगभग 40 हजार किलोमीटर की दूरी तय करेंगे. यात्रा में देशभर से करीब 1 हजार युवा शामिल होंगे.

यात्रा के दौरान स्वच्छता, नशामुक्ति, टीबी मुक्त भारत, प्लास्टिक मुक्त भारत और जल संरक्षण जैसे अभियानों पर जोर दिया जाएगा. इसके अलावा हर दिन 25 पेड़ों के पालन-पोषण का संकल्प लिया जाएगा.

इस दौरान लाभार्थियों, युवाओं और महिला सशक्तिकरण योजनाओं से जुड़ी महिलाओं के साथ संवाद भी किया जाएगा. अभियान का उद्देश्य युवाओं को सेवा, समाज और राष्ट्रनिर्माण से जोड़ना है.

16 सितंबर तक वडनगर पहुंचेंगी उपयात्राएं

गुजरात में 13 सितंबर से चार जोन की उपयात्राएं वडनगर के लिए रवाना हुई हैं. सोमनाथ, श्यामलाजी, पावागढ़ और उंनई माताजी से निकली ये यात्राएं 16 सितंबर तक वडनगर पहुंचेंगी.

इन यात्राओं के दौरान गुजरात के विभिन्न जलस्रोतों से जल एकत्र किया जाएगा. इस जल से वडनगर में हाटकेश्वर महादेव और वाराणसी में काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा. मुख्य बाइक यात्रा का समापन 7 अक्टूबर को होगा.

पीएम मोदी के जन्मदिन पर होगा अभियान का शुभारंभ

17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है. इसी अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की जा रही है. मुंबई में मीडिया से बातचीत के दौरान अमित शाह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के जरिए विकसित भारत के संकल्प में योगदान देना है.

उन्होंने बताया कि अक्टूबर में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के 25 साल भी पूरे हो रहे हैं. इस दौरान उन्होंने एनडीए सरकार के तहत शुरू की गई विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक पहलों का भी उल्लेख किया.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि यह अभियान सेवा, सुशासन और गरीबों के कल्याण पर केंद्रित रहेगा. इसके जरिए सरकार की योजनाओं और नीतियों को जमीनी स्तर पर लाभार्थियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और देश की सेवा में दीर्घायु की कामना करते हुए ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *