KNEWS DESK: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघनतराई गांव स्थित Vedanta Limited के पावर प्लांट में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। बॉयलर का ट्यूब फटने से हुए इस विस्फोट में अब तक 10 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ, उस समय प्लांट में 40 से 50 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक हुए धमाके के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मजदूर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। शुरुआत में तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई थी, लेकिन समय के साथ मृतकों की संख्या बढ़कर पहले 9 और फिर इलाज के दौरान एक और मजदूर की मौत के बाद 10 हो गई। कई घायलों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, कुछ मजदूरों के मलबे में फंसे होने की आशंका भी जताई गई है, जिन्हें निकालने के प्रयास जारी हैं। जिले के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हादसा बॉयलर ट्यूब फटने के कारण हुआ है, हालांकि घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया गया है।
इस हादसे पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख जताया, निष्पक्ष जांच के आदेश दिए
इस हादसे पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घटना की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए गए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा मौके पर राहत कार्य तेज कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।