रक्षाबंधन पर दिल्ली की महिलाओं को ₹2500 का तोहफा, ‘लक्ष्मी योजना’ को कैबिनेट की मंजूरी

KNEWS DESK- दिल्ली सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए लक्ष्मी योजना’ को कैबिनेट से मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कैबिनेट बैठक के बाद इसकी घोषणा करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान दिल्ली की महिलाओं से किया गया वादा अब पूरा किया जा रहा है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2500 की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि योजना के लिए 1 अगस्त से ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया जाएगा, जहां पात्र महिलाएं आवेदन कर सकेंगी। सरकार का लक्ष्य है कि रक्षाबंधन के अवसर पर लाभार्थी महिलाओं के खातों में पहली किस्त ट्रांसफर कर दी जाए, ताकि उन्हें त्योहार पर आर्थिक सहायता मिल सके।

सरकार के अनुसार, ‘लक्ष्मी योजना’ का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उनकी वित्तीय स्थिति को मजबूत करना है। योजना के तहत मिलने वाली राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी और आसान रहेगी।

दिल्ली सरकार जल्द ही योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी जारी करेगी। सरकार का कहना है कि यह योजना महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार और उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।