उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और बिजली गिरने से 18 की मौत, जनजीवन अस्त-व्यस्त

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश में बुधवार को कुदरत ने ऐसा तांडव मचाया कि राज्य के कई जिलों में मातम पसर गया। तेज आंधी, ओलावृष्टि और आसमानी बिजली गिरने की घटनाओं में पूरे प्रदेश में 18 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सबसे भीषण प्रभाव अवध क्षेत्र में देखा गया, जहां अकेले 13 लोगों ने अपनी जान गंवाई। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत कार्य तेज कर दिए हैं। बुधवार दोपहर बाद अचानक बदले मौसम के मिजाज ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। सुल्तानपुर जिले में सबसे ज्यादा 7 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा अमेठी और अयोध्या में 3-3 लोगों की जान चली गई। पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में भी आकाशीय बिजली और पेड़ गिरने की घटनाओं में 5 लोगों की मृत्यु हो गई। हादसों में घायल हुए दर्जनों लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

राजधानी में ‘ब्लैकआउट’, 400 गांवों की बिजली गुल

लखनऊ और उसके आसपास के इलाकों में आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि बिजली का बुनियादी ढांचा पूरी तरह ध्वस्त हो गया। शहर से लेकर देहात तक 100 से ज्यादा बिजली के खंभे उखड़ गए और हाई-टेंशन लाइनें टूट गईं। इसके कारण 400 से अधिक गांवों और कस्बों में 3 से 7 घंटे तक अंधेरा छाया रहा। सड़कों पर विशालकाय पेड़ों के गिरने से यातायात ठप हो गया, वहीं उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल की कई ट्रेनें प्रभावित हुईं, जिससे यात्री स्टेशनों पर घंटों फंसे रहे। लखनऊ, रायबरेली और सीतापुर में भारी बारिश के साथ ओले गिरने से फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।

वाराणसी में 109 किमी/घंटा की रफ्तार से चली हवाएं

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को वाराणसी में हवा की रफ्तार 109 किमी/घंटा और अयोध्या में 87 किमी/घंटा दर्ज की गई। गोरखपुर में 19.2 मिमी और प्रयागराज में 11.2 मिमी बारिश हुई। एक तरफ जहां अधिकांश प्रदेश बारिश से भीग रहा था, वहीं बांदा जिला 45.8 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका बना रहा।

मौसम विभाग की चेतावनी: अगले 24 घंटे रहें सावधान

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण यह मौसमी बदलाव आया है। अगले 24 घंटों के लिए कानपुर, आगरा, वाराणसी, प्रयागराज और गौतम बुद्ध नगर समेत 30 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *