मध्य प्रदेश के देवास में अवैध शराब तस्करी रोकने पहुंचे थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उनके परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और पत्नी को सब इंस्पेक्टर के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने का ऐलान किया है।
Knews Desk– मध्य प्रदेश के देवास जिले में रविवार देर रात इंदौर-बैतूल हाईवे पर यह घटना हुई। खातेगांव के थाना प्रभारी दिलीप पुरी को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध शराब ले जाई जा रही है। इसके बाद वह पुलिस टीम के साथ कार्रवाई के लिए पहुंचे। ट्रक एक ढाबे के पास खड़ा मिला। टीआई ने चालक को नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन उसने वाहन आगे बढ़ा दिया। इस दौरान ट्रक का पिछला पहिया दिलीप पुरी के ऊपर से गुजर गया।
https://twitter.com/DrMohanYadav51/status/2117148692117606750?a=FGOL8VTn_vLU5E7u5Wg&s=20
गंभीर रूप से घायल टीआई को खातेगांव के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब दो घंटे तक इलाज चला। हालांकि, उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिलीप पुरी के निधन पर दुख जताते हुए परिवार को एक करोड़ रुपये की सहायता देने की घोषणा की। उनकी पत्नी कविता को सब इंस्पेक्टर के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी जाएगी। सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन भी किया है।
पुलिस ने ट्रक मालिक केरम सिंह को आलीराजपुर जिले के बेहड़वा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वह अपनी कार से ट्रक की पायलटिंग कर रहा था। ट्रक चालक की तलाश में आलीराजपुर, झाबुआ और गुजरात में दबिश दी जा रही है। शराब तस्करी से जुड़े कुछ अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
दिलीप पुरी वर्ष 2007 बैच के सब इंस्पेक्टर थे। वह धार जिले के बरमंडल गांव के रहने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटी और एक बेटा हैं। उनकी बेटी इंदौर में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है।