हापुड़ में 1.70 लाख नए वोटर जुड़ेंगे, 16 दिसंबर तक चलेगा मतदाता सूची सुधार अभियान

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR)-2027 के तहत मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने का अभियान तेज किया जा रहा है। निर्वाचन आयोग जिलों में चल रहे अभियान की लगातार निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने हापुड़ में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की।

समीक्षा में सामने आया कि 17 से 24 नवंबर के बीच फॉर्म-6 प्राप्त करने के मामले में हापुड़ प्रदेश के जिलों में 39वें स्थान पर रहा। यहां प्रति मतदेय स्थल औसतन 6.4 फॉर्म-6 प्राप्त हुए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने और गाजियाबाद की तर्ज पर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के निर्देश दिए।

1.70 लाख पात्र नागरिकों को जोड़ने का लक्ष्य

हापुड़ में करीब 1.70 लाख संभावित पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके युवाओं, महिला मतदाताओं और अब तक सूची में नाम दर्ज नहीं करा सके पात्र नागरिकों पर विशेष फोकस रहेगा। 25 नवंबर से 16 दिसंबर तक बचे करीब 21 दिनों में पंजीकरण की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

बढ़ेंगे हेल्पडेस्क, 1950 हेल्पलाइन का प्रचार

मतदाताओं की सुविधा के लिए जिले में हेल्पडेस्क बढ़ाए जाएंगे। यहां फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 उपलब्ध रहेंगे। नागरिक नाम जोड़ने, आपत्ति दर्ज कराने और विवरण में संशोधन के लिए मदद ले सकेंगे। ECINET ऐप और 1950 मतदाता हेल्पलाइन की जानकारी भी गांव-गांव पहुंचाई जाएगी।

4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम सूची

समीक्षा में महिला मतदाताओं के जेंडर रेशियो में करीब 8 अंकों के सुधार की बात सामने आई। साथ ही डुप्लीकेट और त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। 16 दिसंबर 2026 तक प्राप्त आवेदनों का निस्तारण किया जाएगा और 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *