चुपके-चुपके आपकी जेब कटती रहे…. पेट्रोल-डीजल की लेकर राहुल गांधी का बीजेपी पर हमला

Knews Desk– लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया और उन्हें “महंगाई मानव मोदी” कहा।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार पेट्रोल और डीजल के दाम एक साथ नहीं, बल्कि किश्तों में बढ़ाती है ताकि जनता को धीरे-धीरे महंगाई का बोझ महसूस हो और “चुपके-चुपके उनकी जेब कटती रहे।” उन्होंने कहा कि वह पिछले कई महीनों से देश में आर्थिक संकट और महंगाई बढ़ने की चेतावनी दे रहे थे, लेकिन सरकार चुनावी राजनीति में व्यस्त रही।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल और डीजल के दामों में करीब 8 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी गई। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ईंधन की कीमतों में और इजाफा हो सकता है, जिसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा।

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा कि मोदी सरकार चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही जनता पर महंगाई का बोझ डालना शुरू कर देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों की वजह से आम आदमी लगातार आर्थिक दबाव झेल रहा है।

देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार को घेर रहा है। वहीं सरकार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों और वैश्विक परिस्थितियों का असर घरेलू ईंधन कीमतों पर पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *