नई संसद भवन को लेकर शाहरुख-अक्षय का रिएक्शन

 KNEWS DESK- लोकतंत्र के नए मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हो चुकी है।  इस मौके पर बॉलीवुड सेलिब्रिटीज का भी रिएक्शन आया है। शाहरुख खान ने अपने सोशल मीडिया पर नई संसद का वीडियो शेयर कर देशवासियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। इसके अलावा अक्षय कुमार और रजनीकांत जैसे सुपरस्टार्स ने भी अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि ये संसद भवन हमारी उम्मीदों का नया घर है। आपको बता दें कि आज यानी 28 मई  को पीएम नरेंद्र मोदी ने नई संसद भवन का उद्घाटन किया है| इस मौके पर बॉलीवुड के कई सितारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ट्वीट कर बधाई दी।

अक्षय कुमार को संसद भवन देख कर हुआ गर्व 

अक्षय कुमार ने संसद भवन का वीडियो साझा कर अपनी आवाज में उस पर वॉइसओवर किया है। वीडियो के साथ अभिनेता ने कैप्शन में लिखा, संसद के इस शानदार नए भवन को देखकर गर्व होता है। यह सदैव भारत की विकास गाथा का प्रतिष्ठित प्रतीक बना रहे। अक्षय कुमार के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए पीएम मोदी ने कहा, बहुत अच्छे ढंग से आपने अपने विचार व्यक्त किए हैं। हमारी नई संसद वास्तव में हमारे लोकतंत्र का प्रकाश स्तंभ है। यह देश की समृद्ध विरासत और भविष्य के लिए जीवंत आकांक्षाओं को दर्शाता है।

शाहरुख ने किया ट्वीट

वहीं शाहरुख खान ने वीडियो साझा कर कहा, यह नया घर इतना बड़ा है कि इसमें देश के हर राज्य, हर प्रदेश, गांव-शहर और कोने-कोने के लिए जगह बन सके। इस घर की बाहें इतनी चौड़ी हों कि देश के हर जाति-प्रजाति और धर्म को प्यार कर सकें। इसकी नजर इतनी गहरी हो कि देश के हर नागरिक को देख सके। जहां सत्यमेव जयते का नारा सिर्फ एक स्लोगन नहीं बल्कि विश्वास हो। जहां अशोक चक्र का हाथी-घोड़ा और खंबा सिर्फ एक लोगो नहीं बल्कि हमारा इतिहास हो। शाहरुख के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, सुन्दर तरीके से व्यक्त किया है। नया संसद भवन लोकतांत्रिक शक्ति और प्रगति का प्रतीक है। यह परंपरा को आधुनिकता के साथ जोड़ता है।

रजनीकांत ने किया ट्वीट 

रजनीकांत ने ट्वीट कर लिखा, ‘तमिल शक्ति का प्रतीक, राजदंड अब भारत की संसद भवन की शोभा बढ़ाएगा। तमिल समुदाय के लोगों का अभिमान बढ़ाने के लिए पीएम मोदी का बहुत-बहुत आभार|

About Post Author