KNEWS DESK- पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर भारत की सर्जिकल स्ट्राइक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद देश में राजनीतिक और सैन्य हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार सुबह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी ने राष्ट्रपति को ऑपरेशन की पूरी जानकारी, इसकी सफलता, रणनीति और वर्तमान सुरक्षा हालात से अवगत कराया।
राष्ट्रपति को दी गई गोपनीय जानकारी
सूत्रों के अनुसार, इस मुलाकात में प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति को बताया कि ऑपरेशन सिंदूर की योजना, तैयारी और क्रियान्वयन तीनों बेहद गोपनीय और सटीक रहे। इस अभियान में भारत ने 21 आतंकी ठिकानों को 25 मिनट में ध्वस्त किया। इस कार्रवाई में 100 से अधिक आतंकी मारे गए, जिनमें कई बड़े कमांडर और मसूद अजहर के परिजन भी शामिल हैं। भारत की तीनों सेनाओं – थल, जल और वायु – ने संयुक्त रूप से मिशन को अंजाम दिया।
राष्ट्रीय सुरक्षा और कूटनीतिक स्थिति पर भी चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति को बताया कि ऑपरेशन के बाद भारत ने अपने सभी कूटनीतिक मिशनों को सतर्क कर दिया है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अभियान की वैधता व आत्मरक्षा के अधिकार की जानकारी साझा की गई है। अमेरिका, फ्रांस, रूस, जापान और ऑस्ट्रेलिया जैसे कई देशों ने भारत के रुख का समर्थन किया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ऑपरेशन की सफलता पर संतोष जताया और भारतीय सेनाओं की बहादुरी और सटीकता की सराहना की। उन्होंने कहा, “सेना ने देश की अस्मिता की रक्षा की है। यह कार्रवाई आतंक के खिलाफ भारत की दृढ़ नीति का प्रमाण है।”
ये भी पढ़ें- भारत की कड़ी कार्रवाई के बाद पीएम मोदी ने लिया बड़ा फैसला, पीएम मोदी ने निरस्त किये तीन देशों का दौरा