UP में मौसम का कहर… कानपुर समेत कई जिलों में आंधी-तूफान, बारिश-ओलों से तबाही, घरों के दरवाजे-खिड़कियां तक टूटी

KNEWS DESK – उत्तर प्रदेश में शनिवार शाम अचानक बदले मौसम ने कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, उन्नाव और रायबरेली समेत कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को हैरान कर दिया। अप्रैल के महीने में इस तरह का मौसम लोगों के लिए अप्रत्याशित रहा।

अचानक बदला मौसम, शहरों में छाया अंधेरा

शनिवार दोपहर तक जहां भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी, वहीं शाम करीब पांच बजे अचानक मौसम ने करवट ली। खासतौर पर कानपुर में तेज हवाओं के साथ ऐसा तूफान आया कि कुछ ही देर में पूरे शहर में अंधेरा छा गया। हालात ऐसे हो गए मानो शाम ढल चुकी हो।

तेज आंधी के साथ शुरू हुई बारिश ने जल्द ही तूफान का रूप ले लिया। कई जगहों पर घरों की खिड़कियां और दरवाजे तक टूट गए, जबकि ओलावृष्टि ने स्थिति और बिगाड़ दी। सड़क पर चल रहे वाहन भी रुकने को मजबूर हो गए, क्योंकि तेज हवाओं में आगे बढ़ना मुश्किल हो गया था।

मौसम विभाग ने दी चेतावनी

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यह प्री-मानसून गतिविधियों का हिस्सा है। इस दौरान तेज हवाएं, बारिश और ओले गिरना सामान्य माना जाता है। जानकारी के मुताबिक, कुछ ही समय में करीब 3.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि हवाओं की रफ्तार 37 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई।

खराब मौसम का सबसे ज्यादा असर बिजली व्यवस्था पर पड़ा। तेज हवाओं और बारिश के चलते कई इलाकों में एहतियातन बिजली सप्लाई बंद करनी पड़ी। अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होने के बाद ही नुकसान का आकलन किया जाएगा।

6 अप्रैल तक बना रह सकता है ऐसा मौसम

मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 6 अप्रैल तक प्रदेश के कई हिस्सों में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।