मुंबई से गुवाहाटी जा रही फ्लाइट ढाका डायवर्ट, कोहरे के चलते हुई इमरजेंसी लैंडिंग, कांग्रेस नेता बोले-‘बिना पासपोर्ट विदेश आ गए’

KNEWS DESK- इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है| इस समय इतना ज्यादा कोहरा हो रहा है, जिसका असर हवाई सेवाओं पर सबसे अधिक पड़ रहा है| बता दें, मुंबई से गुवाहाटी जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट को आज बांग्लादेश की राजधानी ढाका में इमरजेंसी लैंडिंग के लिए मजबूर होना पड़ा|

ये है वजह 

गुवाहाटी एयरपोर्ट पर घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई थी| इसी वजह से फ्लाइट असम के गुवाहाटी हवाई अड्डे पर नहीं उतर सकी| बाद में फ्लाइट को असम शहर से 400 किलोमीटर से अधिक दूर ढाका की तरफ मोड़ दिया गया|

जानकारी के अनुसार, इम्फाल में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने जा रहे मुंबई युवा कांग्रेस के पूर्व प्रमुख सूरज सिंह ठाकुर भी उस फ्लाइट में मौजूद थे, जिन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर कहा कि वह मुंबई से गुवाहाटी जाने वाली फ्लाइट में थे लेकिन उस फ्लाइट को डायवर्ट कर दिया गया| कांग्रेस नेता ने आगे लिखा,  मैंने मुंबई से गुवाहाटी के लिए इंडिगो 6ई की फ्लाइट संख्या 6E 5319 ली थी लेकिन घने कोहरे के कारण फ्लाइट गुवाहाटी में नहीं उतर सकी| इसके बजाय, यह ढाका में उतरी| उन्होंने बताया कि विमान में सवार सभी यात्री अपने पासपोर्ट के बिना अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर गए|

कांग्रेस नेता ने लिखा कि यात्री अभी भी विमान के अंदर हैं| उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, मैं अब 9 घंटे से विमान के अंदर फंसा हुआ हूं| मैं भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए मणिपुर (इम्फाल) के लिए रवाना हुआ| देखते हैं मैं कब गुवाहाटी पहुंचता हूं और फिर इंफाल के लिए उड़ान भरूंगा|

इंडिगो ने नहीं किया कोई रिएक्ट 

आपको बता दें कि ढाका एयरपोर्ट पर फ्लाइट की इमरजेंसी के मामले में अभी तक इंडिगो की तरफ से कोई रिएक्शन नहीं दिया गया है| आधिकारिक तौर पर फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि फ्लाइट को ढाका की ओर क्यों मोड़ा गया| एयरलाइन कंपनी के बयान का इंतजार किया जा रहा है|

About Post Author