गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के आपराधिक नेटवर्क और जेल के अंदर से गैंग के संचालन को लेकर दिल्ली पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने गुजरात की साबरमती जेल प्रशासन से उन सभी लोगों की जानकारी मांगी है, जो अब तक लॉरेंस बिश्नोई से मिल चुके हैं या नियमित रूप से उससे मिलने जेल पहुंचते हैं। पुलिस अब इन मुलाकातियों की पहचान, आपराधिक रिकॉर्ड और लॉरेंस से उनके संबंधों की जांच करेगी।
Knews Desk – दिल्ली पुलिस ने साबरमती जेल प्रशासन से लॉरेंस बिश्नोई से मिलने आने वाले लोगों की पूरी लिस्ट मांगी है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि लॉरेंस से मिलने वाले लोगों का आपराधिक रिकॉर्ड क्या है और उनका गैंगस्टर से किस तरह का संबंध है।
जांच के दौरान पुलिस मुलाकातियों के लॉरेंस से मिलने के मकसद के बारे में भी जानकारी जुटाएगी। पुलिस को आशंका है कि कुछ लोग जेल के अंदर और बाहर गैंग के नेटवर्क के बीच संपर्क का माध्यम हो सकते हैं।
20 करोड़ की फिरौती के मामले के बाद जांच तेज
दिल्ली पुलिस की यह कार्रवाई निहाल विहार इलाके में एक निजी अस्पताल के मालिक से 20 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले के बाद सामने आई है। इस मामले में फोन करने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया था।
इसके बाद पुलिस ने गैंग के नेटवर्क की पड़ताल तेज कर दी। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि फिरौती की धमकी देने वाले व्यक्ति का वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध है या किसी दूसरे आपराधिक गिरोह ने लॉरेंस के नाम का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने की कोशिश की।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम बॉलीवुड से जुड़ी कई घटनाओं में सामने आता रहा है। हाल ही में टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना में भी इस गैंग का नाम सामने आया था। सूत्रों के मुताबिक, बॉलीवुड के कई अन्य सितारे भी गैंग के निशाने पर रहे हैं और इनपुट मिलने के बाद संबंधित सितारों की सुरक्षा बढ़ाई गई थी।
सलमान खान को भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से कई बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है।
जेल में बंद होकर गैंग कैसे चल रहा है?
दिल्ली पुलिस की जांच का सबसे अहम सवाल यह है कि गुजरात की साबरमती जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई जेल के बाहर मौजूद अपने गैंग के संपर्क में कैसे बना हुआ है। पुलिस को शक है कि उससे मिलने आने वाले कुछ लोग जेल से बाहर संदेश पहुंचाने या गैंग के सदस्यों तक निर्देश पहुंचाने का माध्यम हो सकते हैं।
लॉरेंस बिश्नोई लंबे समय से साबरमती जेल में बंद है। गृह मंत्रालय के आदेश के तहत फिलहाल राज्य पुलिस सीधे उसकी कस्टडी नहीं ले सकती। ऐसे में दिल्ली पुलिस को पूछताछ के लिए साबरमती जेल जाना पड़ता है। अब मुलाकातियों की जानकारी जुटाकर पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जेल के अंदर से गैंग के नेटवर्क को किस तरह संचालित किया जा रहा है।