डिजिटल डेस्क- 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ छेड़ा गया ऑपरेशन सिंदूर अब राजनीति का शिकार हो गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ऑपरेशन सिंदूर को छोटा युद्ध करार दिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का ये बयान आते ही सियासत तेज हो गई है। मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को भाजपा की ओर से पलटवार किया गया है। इसके अलावा मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर पर्यटकों की सुरक्षा और चिंता न करने का भी आरोप लगाया है। कर्नाटक में समर्पण संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले महीने पहलगाम आतंकवादी हमले से तीन दिन पहले खुफिया रिपोर्ट मिलने के बाद अपना कश्मीर दौरा रद्द कर दिया था।
खुफिया रिपोर्ट के आधार पर रद्द किया था कश्मीर दौरा
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक में कहा कि मुझे जानकारी मिली है कि हमले से तीन दिन पहले मोदी जी को एक खुफिया रिपोर्ट भेजी गई थी और इसीलिए मोदी जी ने कश्मीर का अपना दौरा रद कर दिया। जब एक खुफिया रिपोर्ट में कहा गया है कि आपकी सुरक्षा के लिए वहां जाना उचित नहीं है, तो आपने लोगों की सुरक्षा के लिए अपनी सुरक्षा, खुफिया, स्थानीय पुलिस और सीमा बल को सूचित क्यों नहीं किया?”
ऑपरेशन सिंदूर तो छोटा सा युद्ध
समर्पण-संकल्प रैली को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि पहलगाम में 26 लोग इसलिए मारे गए क्योंकि मोदी सरकार ने वहां पर्यटकों को सुरक्षा मुहैया नहीं कराई। मोदी कश्मीर नहीं गए क्योंकि खुफिया एजेंसियों ने उन्हें ऐसा करने से मना किया था। केंद्र सरकार ने पर्यटकों से पहलगाम न जाने के लिए क्यों नहीं कहा? अगर उन्हें बताया गया होता, तो 26 लोगों की जान बचाई जा सकती थी। ऑपरेशन सिंदूर तो छोटा सा युद्ध है।
आंबेडकर और नेहरू के नेतृत्व में इस देश के लिए संविधान तैयार हुआ
खरगे ने कहा कि देश को बचाना कांग्रेस का लक्ष्य है और वह इस मामले में पार्टी लाइन या श्रेय या बदनामी नहीं देखती। हमें देश को बचाना है, इसके लोगों को बचाना है। कांग्रेस ने उस देश को आजादी दिलाई जो वर्षों से गुलाम था। इसे बचाना हमारा कर्तव्य है। हमने आंबेडकर और नेहरू के नेतृत्व में इस देश के लिए संविधान तैयार किया। इसे बचाना हमारी जिम्मेदारी और कर्तव्य है और हम इसे करेंगे। भाजपा केवल झूठ बोलती है।
भाजपा में बैठे गद्दारों को निकालो, फिर बोलो
कर्नल सोफिया कुरैशी पर मध्य प्रदेश के मंत्री की टिप्पणी के लिए भाजपा पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा कि ऐसे लोगों को किस तरह की सजा दी जानी चाहिए? देश की सशस्त्र सेना में सेवारत एक महिला के खिलाफ टिप्पणी की जा रही है। कांग्रेस ने मंत्री का इस्तीफा मांगा है, लेकिन मोदी अभी भी उन्हें रोके हुए हैं। उन्होंने कहा कि पहले भाजपा में बैठे गद्दारों को निकालो, फिर बोलो। सोफिया कुरैशी को निशाना बनाया गया क्योंकि उनके नाम में कुरैशी थी। भाजपा ऐसे बुरे लोगों से भरी हुई है। मोदी पहले उन्हें निकालो। कांग्रेस देश के लिए लड़ती है और भाजपा ने इसका कोई ठेका नहीं ले रखा है। पूर्व प्रधानमंत्रियों स्वर्गीय इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी तथा महात्मा गांधी ने भी अपने प्राणों की आहुति दी।