BRICS Summit: जलेबा-रबड़ी का स्वाद और विदेशी भाषाओं में बातचीत, मेहमानों के स्वागत को तैयार दिल्ली के बाजार

KNEWS DESK- दिल्ली के भारत मंडपम में 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर राजधानी के बाजारों में खासा उत्साह है. विदेशी मेहमानों के स्वागत और उन्हें दिल्ली की संस्कृति से रूबरू कराने के लिए व्यापारी अपनी तैयारियों में जुटे हैं. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के मुताबिक, सम्मेलन में शामिल होने वाले कई मेहमान 11 सितंबर से दिल्ली पहुंचना शुरू हो जाएंगे और 13 सितंबर के बाद तक राजधानी में रहेंगे.

व्यापारियों को उम्मीद है कि समय मिलने पर विदेशी प्रतिनिधि चांदनी चौक और कनॉट प्लेस जैसे मशहूर बाजारों का रुख कर सकते हैं. इन बाजारों में जलेबी, कचौड़ी, छोले-भटूरे, भल्ले-पापड़ी, पराठे, मिठाइयों के अलावा साड़ी, सूट, लहंगे, जूलरी, गोटा-जरी और ड्राई फ्रूट्स के बाजार भी हैं. विदेशी मेहमान यहां भारतीय खान-पान, पहनावे और संस्कृति का अनुभव लेने के साथ खरीदारी भी कर सकते हैं.

जयशंकर को पत्र लिखकर बाजारों के दौरे का आग्रह

CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि संगठन ने केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर विदेशी मेहमानों को दिल्ली के ऐतिहासिक बाजारों का दौरा कराने का आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि चांदनी चौक और कनॉट प्लेस में मेहमानों के स्वागत के लिए व्यापारियों की ओर से उचित इंतजाम किए जाएंगे.

व्यापारियों का मानना है कि विदेशी प्रतिनिधियों का बाजारों में आना दिल्ली के कारोबार और पर्यटन, दोनों के लिए फायदेमंद हो सकता है. इससे उन्हें स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक खान-पान को करीब से जानने का अवसर मिलेगा.

अंग्रेजी और विदेशी भाषाएं सीख रहे दुकानदार

CTI के महासचिव गुरमीत अरोड़ा और रमेश आहूजा के मुताबिक, संगठन चार दिनों के लिए अंग्रेजी और अन्य विदेशी भाषाओं के जानकार टूरिस्ट गाइड उपलब्ध कराने की तैयारी कर रहा है. साथ ही, CTI से जुड़े सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स भी विदेशी भाषाओं का अभ्यास कर रहे हैं, ताकि मेहमानों को खरीदारी में मदद मिल सके.

चांदनी चौक के लहंगा और सूट कारोबारी सुरेश कुमार सेठ के परिवार ने भी विशेष तैयारी की है. उन्हें अंग्रेजी नहीं आती, लेकिन उनके बेटे को अंग्रेजी और बेटी को अंग्रेजी के साथ जर्मन भाषा का ज्ञान है. दोनों 11 से 13 सितंबर तक दुकान पर मौजूद रहेंगे, जिससे विदेशी ग्राहकों से बातचीत में परेशानी न हो.

फूड कारोबारी हेमंत वर्मा ने अपने कर्मचारियों को अंग्रेजी बोलने की ट्रेनिंग दिलाई है. वहीं, व्यापारी अभिषेक गुप्ता ने चीनी भाषा का अभ्यास किया है, ताकि चीन से आने वाले मेहमानों के साथ आसानी से संवाद कर सकें.

50 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की मदद

CTI ने विदेशी मेहमानों और उनके परिजनों को बाजारों में खरीदारी कराने के लिए करीब 50 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को हायर किया है. संगठन के अनुसार, ये इन्फ्लुएंसर्स अंग्रेजी और विदेशी भाषाओं की जानकारी रखते हैं. वे मेहमानों को दुकानों, स्थानीय उत्पादों और बाजारों की विशेषताओं से परिचित कराने में मदद करेंगे.

मेहमानों के लिए खास जलेबा-रबड़ी

चांदनी चौक के मशहूर जलेबी कारोबारी रमाकांत शर्मा ने विदेशी मेहमानों के लिए खास जलेबा-रबड़ी तैयार की है. उनका कहना है कि वह चाहते हैं कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनफिंग भी उनकी दुकान पर आकर इस पारंपरिक मिठाई का स्वाद लें.

दिल्ली के व्यापारियों को उम्मीद है कि BRICS समिट के दौरान विदेशी मेहमानों की बाजारों में मौजूदगी से न सिर्फ कारोबार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि भारतीय संस्कृति, स्वाद और आतिथ्य को भी अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *