सुबह चार बजे से कीव पर शुरू हुए हमले, कीव के दरवाजे तक पहुंची रूसी सेना  

रूस-यूक्रेन की लड़ाई गंभीर हो गई है। रूसी सेना द्वारा यूक्रेन पर किए गए हमले में बहुत से लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति का कहना है कि रूस के हमले में अब तक 137 लोग मारे जा चुके हैं। इसमें 10 सैन्य अधिकारी भी शामिल हैं। इस हमले में अब तक 316 लोग घायल भी हुए हैं। इस बीच अमेरिकी सुरक्षा अधिकारियों ने आशंका जताई है कि, अगले 96 घंटों में कीव पर रूस का कब्जा हो सकता है।

कीव के दरवाजे तक पहुंची रूसी सेना

अमेरिकी रक्षा अधिकारियों की आशंका के बीच रूस की सेना कीव के और नजदीक पहुंच गई है। खबर आ रही है कि रूसी सैनिक कीव से महज 30 किलोमीटर दूर रह गए हैं। इस बीच यूक्रेन ने रूस पर साइबर अटैक कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, रूस की कई वेबसाइट ठप हो गई हैं।

सुबह चार बजे से कीव पर शुरू हुए हमले

खबरों के मुताबिक, यूक्रेन की राजधानी कीव में शुक्रवार सुबह चार बजे(स्थानीय समयानुसार) से रूस के हमले शुरू हो गए। कीव में आसमान से आग बरसती हुई दिखाई दी। इस बीच यूक्रेन ने कहा है कि कीव में उन्होंने एक रूसी जेट मार गिराया है।

यूक्रेन ने मार गिराए दो रूसी एयरक्राफ्ट

यूक्रेन की राजधानी कीव में हालात बिगड़ते ही जा रहे हैं। इस बीच यूक्रेन ने दावा किया है कि, उसने रूस के दो और एयरक्राफ्ट मार गिराए हैं। उसका दावा है कि, उसने रूसी सेना को बहुत नुकसान पहुंचाया है। अब तक सात एयरक्राफ्ट, छह हेलीकॉप्टर और 30 टैंकों को तबाह कर दिया है।

About Post Author