एशियन गेम्स 2026: भारतीय हॉकी टीम ने जीता गोल्ड, लगातार दूसरी बार बने चैंपियन

KNEWS DESK– एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को 5-1 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में हॉकी का स्वर्ण पदक जीता और अपना खिताब भी बरकरार रखा। भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही। इस जीत के साथ भारत ने 2028 ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई कर लिया।

फाइनल मुकाबले की शुरुआत में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। 11वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने शानदार ड्रैग-फ्लिक के जरिए गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, तीन मिनट बाद मलेशिया के शेलो सिलवेरियस ने मैदानी गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। दूसरे क्वार्टर में भारत ने दबाव बनाए रखा। 23वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर जुगराज सिंह ने गोल कर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। हाफ टाइम तक यही स्कोर रहा।

दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने मुकाबले पर पूरी तरह पकड़ बना ली। तीसरे क्वार्टर में मिले पेनल्टी स्ट्रोक को उपकप्तान हार्दिक सिंह ने गोल में बदला। इसके बाद 54वें मिनट में अभिषेक के शानदार पास पर शिलानंद लाकड़ा ने गोल कर भारत की बढ़त 4-1 कर दी। 57वें मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। हरमनप्रीत सिंह ने शानदार ड्रैग-फ्लिक से गोल दागकर स्कोर 5-1 कर दिया। इसके बाद मलेशिया वापसी नहीं कर सका और भारत ने गोल्ड मेडल जीत लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *