KNEWS DESK- गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में आयोजित प्रसिद्ध तरणेतर मेले में इस बार लड्डू खाने की अनोखी प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। ग्रामीण ओलंपिक के तहत आयोजित इस मुकाबले में 25 से 75 वर्ष की उम्र के 28 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान सभी को 30 मिनट में ज्यादा से ज्यादा चीनी वाले बेसन के लड्डू खाने थे।
स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात, खेल, युवा एवं कल्चर एक्टिविटी डिपार्टमेंट और डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग सेंटर की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मुकाबला शुरू होते ही दर्शक प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते नजर आए। शुरुआती 15 मिनट में कई प्रतिभागी बाहर हो गए, जबकि कुछ प्रतियोगियों ने इस दौरान करीब 15 लड्डू खा लिए थे। इसके बाद मुकाबला और रोमांचक हो गया। पांच प्रतिभागियों ने आखिर तक अपनी जगह बनाए रखी और 22 से लेकर 26 लड्डू तक खाने के बाद जीत की होड़ में बने रहे। सभी की नजर इस बात पर थी कि कौन सबसे ज्यादा लड्डू खाकर विजेता बनेगा।
आखिरकार विनछिया तालुका के ओरी गांव निवासी बलवंतभाई राघवानी ने 30 मिनट में 28 लड्डू खाकर प्रतियोगिता अपने नाम कर ली। खास बात यह रही कि पिछले साल भी बलवंतभाई ने ही यह खिताब जीता था। इस तरह उन्होंने लगातार दूसरी बार प्रतियोगिता में जीत दर्ज की। विजेता को पुरस्कार के तौर पर 2,000 रुपये की नकद राशि दी गई। कार्यक्रम में सुरेंद्रनगर के जिला कलेक्टर जीएच सोलंकी भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रतियोगिता में लोगों की भागीदारी की सराहना की और कहा कि तरणेतर मेला क्षेत्र की संस्कृति, परंपरा, खुशी और आपसी मेल-जोल को दर्शाने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है।