परिसीमन बिल पर उद्धव ठाकरे का बड़ा ऐलान, बोले- शिवसेना (UBT) के सभी 9 सांसद करेंगे विरोध

उद्धव ठाकरे ने परिसीमन बिल को लेकर केंद्र सरकार और बीजेपी पर निशाना साधते हुए पारदर्शिता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के सभी 9 सांसद बिल का विरोध करेंगे और अन्य नेताओं से भी देशहित में फैसले की अपील की।

KNEWS DESK- शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने संसद में पेश होने वाले परिसीमन बिल का विरोध करने का ऐलान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन की पूरी प्रक्रिया बीजेपी की तैयार स्क्रिप्ट के मुताबिक आगे बढ़ाई जा रही है। उद्धव ने कहा कि समिति के गठन से लेकर लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने तक कई सवाल हैं और इसमें विपक्ष की भूमिका स्पष्ट नहीं है।

उद्धव ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र और देश के सभी सांसदों को निजी स्वार्थ से ऊपर उठकर देशहित के बारे में सोचना चाहिए। उन्होंने बताया कि शिवसेना (यूबीटी) के सभी 9 सांसद बिल का विरोध करेंगे। साथ ही उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से भी फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की।

उद्धव ने परिसीमन के लिए बनाई गई समिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि समिति में विपक्ष को शामिल नहीं किया गया है और ज्ञानेश कुमार को सदस्य बनाए जाने पर भी उन्होंने आपत्ति जताई। उनके मुताबिक, कम से कम समिति में विपक्ष का एक नेता होना चाहिए था।

उन्होंने लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव पर सवाल करते हुए पूछा कि अगर लोकसभा की सीटें बढ़ाई जा रही हैं तो क्या राज्यसभा की सीटें भी बढ़ेंगी। उन्होंने 850 लोकसभा सीटों के प्रस्ताव पर भी सवाल उठाए और प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की।

उद्धव ने महिला आरक्षण का समर्थन करते हुए कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना चाहिए, लेकिन इसे 543 मौजूदा लोकसभा सीटों में ही लागू किया जा सकता है। उन्होंने शरद पवार से भी महाराष्ट्र और देशहित में बिल पर विचार करने की अपील की। साथ ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से देर होने से पहले बिल का विरोध करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *