Knews Desk- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने साइबर धोखाधड़ी से निपटने, डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे की लत से बाहर निकालने के लिए चल रही पहलों का जिक्र किया। पीएम मोदी ने संचार साथी प्लेटफॉर्म और iGOT कर्मयोगी डिजिटल प्लेटफॉर्म की उपलब्धियों के बारे में भी जानकारी दी।
संचार साथी से 5,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का संभावित नुकसान रोका
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज मोबाइल फोन लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। फोन खो जाने पर कॉन्टैक्ट्स, फोटो, जरूरी दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां प्रभावित हो सकती हैं। ऐसे में संचार साथी प्लेटफॉर्म लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रहा है।
पीएम मोदी ने बताया कि अब तक संचार साथी पोर्टल पर 30 करोड़ से ज्यादा विजिट हो चुकी हैं, जबकि इसके ऐप को करीब 3 करोड़ बार डाउनलोड किया गया है। बैंकों, पेमेंट ऐप्स, टेलीकॉम कंपनियों और पुलिस समेत 1,600 से ज्यादा संस्थाएं इससे जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था साइबर धोखाधड़ी की कई कोशिशों को समय रहते नाकाम करने में मदद कर रही है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि संचार साथी के जरिए अब तक 5,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के संभावित नुकसान को रोका जा सका है।
iGOT कर्मयोगी से नई स्किल सीख रहे कर्मचारी
पीएम मोदी ने सरकारी कर्मचारियों के लिए iGOT कर्मयोगी डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते इस्तेमाल का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इसके जरिए कर्मचारी नई स्किल्स सीख रहे हैं। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI और उभरती हुई तकनीकें भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म कर्मचारियों की क्षमता बढ़ाने और उन्हें बदलती तकनीक के अनुरूप तैयार करने में मदद कर रहे हैं।
युवाओं को नशे से दूर करने पर जोर
मन की बात के दौरान प्रधानमंत्री ने नशा मुक्त युवा अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरे जोर-शोर से चल रहा है। पीएम मोदी ने ऐसे युवाओं के प्रेरणादायक उदाहरण साझा किए, जिन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प के दम पर नशे की लत को मात दी।
उन्होंने कहा कि मन की बात समाज के हर वर्ग और देश के हर हिस्से की उपलब्धियों को सामने लाने का मंच है। इसके जरिए समाज के सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा करने के साथ लोगों में जागरूकता भी बढ़ाई जाती है। पीएम मोदी ने साइबर सुरक्षा, डिजिटल जागरूकता और नशे से मुक्ति जैसे मुद्दों पर लोगों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।