मेरठ में दहेज की थार मांगने पर लड़की वालों ने दिया अनोखा जवाब, खिलौना कार थमाकर तोड़ा रिश्ता

Knews Desk – उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में दहेज की मांग को लेकर एक मामला चर्चा में है। आरोप है कि शादी के लिए लड़के पक्ष की ओर से थार गाड़ी की मांग की गई, जिसके बाद लड़की के परिवार ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। परिवार ने असली गाड़ी देने के बजाय लड़के पक्ष के लोगों को खिलौने वाली थार थमा दी और रिश्ता भी रद्द कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, ज्ञानपुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपने बेटे का रिश्ता सोलाना गांव में तय किया था। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह वह अपने बेटे की चिट्ठी लेकर लड़की पक्ष के घर पहुंचा था। आरोप है कि बातचीत के दौरान लड़के पक्ष की ओर से दहेज में थार गाड़ी की मांग रखी गई।

बताया गया कि थार की मांग के बाद लड़की पक्ष ने लड़के और उसके साथ आए लोगों को सुबह से रात तक घर पर बैठाए रखा। इसके बाद शाम-रात के समय उनके हाथ में असली थार के बजाय खिलौने वाली थार गाड़ी थमा दी गई।

वीडियो में सुनाई दे रही दहेज की मांग पर प्रतिक्रिया

मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

सामने आए वीडियो में कुर्सी पर बैठे कुछ लोगों के पास एक शख्स खिलौना गाड़ी लेकर पहुंचता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह कहता सुनाई दे रहा है कि उन्हें इंसान नहीं, बल्कि ब्रांड चाहिए था, इसलिए कार दी गई है। वीडियो में यह भी कहा गया कि लड़के वालों ने जिस कार की मांग की थी, वह नहीं मिल पाई, लेकिन अब शादी कैंसिल कर दी गई है और सगाई वापसी में उन्हें थार कार दी गई है।

वीडियो में यह टिप्पणी भी सुनाई दे रही है कि जैसा काम किया है, वैसा ही मिलना चाहिए। हालांकि, वायरल वीडियो और उसमें किए जा रहे दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *