क्राइस्टचर्च टेस्ट में भारत की बढ़ी मुश्किलें, न्यूजीलैंड की बढ़त 243 रन; जीत के लिए करना होगा ये काम

Knews Desk– IND vs NZ 2nd Test: क्राइस्टचर्च टेस्ट में टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। भारत को मैच में बने रहने के लिए चौथे दिन शानदार गेंदबाजी करनी होगी और न्यूजीलैंड को कम स्कोर पर रोकना होगा।

निर्णायक मोड़ पर पहुंचा क्राइस्टचर्च टेस्ट

भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीन दिन का खेल खत्म हो चुका है और मुकाबला निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। मेजबान न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में अपनी कुल बढ़त 243 रनों की कर ली है और उसके हाथ में अभी भी 7 विकेट सुरक्षित हैं।

ऐसे में खेल के चौथे दिन कीवी टीम की नजरें भारत के सामने एक बड़ा और मुश्किल टारगेट रखने पर होंगी। दूसरी ओर, अगर भारतीय टीम को यह मैच और सीरीज जीतनी है, तो गेंदबाजों को चौथे दिन की शुरुआत में ही न्यूजीलैंड की पारी को जल्द से जल्द समेटना होगा। वरना यह मुकाबला भारत के हाथों से फिसल सकता है।

चौथे दिन टीम इंडिया को क्या करना होगा?

क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर चौथी पारी में टारगेट का पीछा करने के आंकड़े काफी दिलचस्प हैं। इस मैदान पर जब भी चौथी पारी में टारगेट 300 रनों से कम रहा है, तो पीछा करने वाली टीम ने सभी 8 के 8 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। ये टारगेट 104 से 285 रनों के बीच रहे हैं।

लेकिन जब भी इस मैदान पर चौथी पारी में 300 से ज्यादा का टारगेट मिला है, तो टारगेट का पीछा करने वाली टीम कभी नहीं जीत पाई है। ऐसे चार मुकाबलों में से 2 में पीछा करने वाली टीम को हार मिली है और 2 मैच ड्रॉ रहे हैं।

300 से ज्यादा का लक्ष्य बना तो बढ़ेगी मुश्किल

300 से ज्यादा के टारगेट वाले इन चारों मैचों में चौथी पारी खेलने वाली टीम ने औसतन लगभग 122 ओवर बल्लेबाजी की है और चारों ही मुकाबलों में पारी 93 ओवर से ज्यादा तक चली है।

ऐसे में टीम इंडिया को चौथे दिन के पहले सेशन में पलटवार करते हुए न्यूजीलैंड के बचे हुए 7 विकेट जल्द से जल्द लेने होंगे। अगर न्यूजीलैंड की बढ़त 300 के पार चली जाती है, तो भारत के लिए लक्ष्य का पीछा करना बेहद मुश्किल हो सकता है। ऐसे में न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज जीतने का सपना एक बार फिर अधूरा रह सकता है।

न्यूजीलैंड में चौथी पारी के चौंकाने वाले रिकॉर्ड

अगर न्यूजीलैंड की बढ़त 300 के पार जाती है, तो भारत को जीत के लिए इतिहास रचना होगा। न्यूजीलैंड की धरती पर चौथी पारी के रिकॉर्ड काफी चौंकाने वाले हैं।

न्यूजीलैंड में किसी टेस्ट मैच की चौथी पारी में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के नाम है। उसने पिछले साल इसी हेगले ओवल मैदान पर 531 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 163.3 ओवरों में 457 रन बनाकर मैच बचाया था।

न्यूजीलैंड में सबसे बड़ा सफल रन चेज

न्यूजीलैंड में चौथी पारी में हासिल किया गया अब तक का सबसे बड़ा टारगेट 345 रन है, जिसे वेस्टइंडीज ने साल 1969 में ऑकलैंड में चेज किया था।

वहीं, 21वीं सदी में न्यूजीलैंड में सबसे बड़े सफल टारगेट इसी हेगले ओवल मैदान पर हासिल किए गए हैं। साल 2023 में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ 285 रनों का टारगेट हासिल किया था और 2024 में ऑस्ट्रेलिया ने मेजबान न्यूजीलैंड के खिलाफ 279 रनों का पीछा कर जीत दर्ज की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *