परिसीमन पर राहुल गांधी की अपील का स्टालिन ने दिया जवाब, बोले- तमिलनाडु के हितों से समझौता नहीं

KNEWS DESK- परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस और DMK के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। राहुल गांधी ने चेन्नई जाकर तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री एमके स्टालिन से मुलाकात कर परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने की अपील की थी। इसके जवाब में स्टालिन ने कहा कि DMK तमिलनाडु और तमिल लोगों के हितों को ध्यान में रखकर ही फैसला करेगी और इस मुद्दे पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

स्टालिन ने कट्टाबोम्मन का दिया उदाहरण

एमके स्टालिन ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी को जवाब देते हुए कहा कि संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में DMK की भूमिका को पहचानने के लिए वह राहुल गांधी का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि इतिहास उन्हें कट्टाबोम्मन के रूप में याद रखेगा, एट्टप्पन के रूप में नहीं। तमिल राजनीतिक विमर्श में कट्टाबोम्मन को प्रतिरोध का प्रतीक माना जाता है, जबकि एट्टप्पन को विश्वासघात से जोड़ा जाता है।

राहुल गांधी ने की थी विरोध की अपील

राहुल गांधी ने कहा था कि INDIA ब्लॉक के वरिष्ठ नेताओं के साथ वह चेन्नई जाएंगे और स्टालिन से परिसीमन विधेयकों का विरोध करने का आग्रह करेंगे। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा सीटों की संख्या 850 तक बढ़ाने से लोकतंत्र को नुकसान होगा और BJP-RSS को चुनावी नक्शे को अपने फायदे के लिए बदलने की गुंजाइश मिलेगी।

50 फीसदी सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव का समर्थन

DMK के लोकसभा में 22 सांसद हैं। पार्टी ने राज्यों में संसद की सीटें 50 फीसदी बढ़ाने के प्रस्ताव का समर्थन किया है। हालांकि, DMK ने साफ किया है कि तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी प्रतिनिधित्व हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए। परिसीमन को लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों में प्रतिनिधित्व प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *